Tuesday, April 23, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » श्रमिकों से आठ घंटे कार्य न लेने पर करेंगे धरना-15 दिन का अल्टीमेटम

श्रमिकों से आठ घंटे कार्य न लेने पर करेंगे धरना-15 दिन का अल्टीमेटम

वार्ता के दौरान जानकारी देते हुये कांच उद्योग क्रांतिकारी मजदूर संघ के पदाधिकारी।

कांच उद्योग क्रांतिकारी मजदूर संघ ने वार्ता में दी जानकारी
फिरोजाबाद, एस. के. चित्तौड़ी। सीटू के प्रादेशिक सचिव एवं कांच उद्योग क्रांतिकारी मजदूर संघ के जिला कार्यालय महावीर नगर पर आयोजित वार्ता के दौरान बताया गया कि जनपद फिरोजाबाद के कांच एवं चूड़ी उद्योग के कारखानों में श्रम कानून नाम की चीज नहीं है। श्रम कानूनों की घोर उपेक्षाएं की जा रही है। चूड़ी उद्योग के कारखानों में श्रमिकों से आठ घंटों के स्थान पर नौ घंटे से साढ़े नौ घंटे तक जबरिया गुंडई के बल पर बलपूर्वक कार्य लिया जा रहा है।
बताया गया कि 24 अप्रैल को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में उनके कार्यालय पर श्रम बन्धु की बैठक का आयोजन किया गया था। उसमें ट्रेड यूनियन ने जिलाधिकारी को कई बार शिकायतों का आधार बनाते हुये 24 अप्रैल को श्रम विभाग कारखाना निदेशक, ईएसआईसी के अधिकारी को शिकायतों के आधार पर निर्देशित किया कि संबंधित सभी शिकायतों का निस्तारण 15 दिनों में होना सुनिश्चित करें। लेकिन लगभग एक माह बीतने जा रहा है न तो श्रम विभाग, न कारखाना निदेशक और न ही ईएसआई के अधिकारियों द्वारा किसी कारखाने में कोई भी कार्यवाही नहीं की गयी है। जिससे ट्रेड यूनियन में जबरदस्त रोष है। डीएम के निर्देशों को भी हवा में उड़ा दिया गया। कहा अगर 15 दिन के अंदर आठ घंटे कार्य के अलावा श्रम कानूनों पर संबंधित विभागों द्वारा गंभीरता से नहीं लिया गया तो ट्रेड यूनियन श्रम कार्यालय पर सैकड़ों मजदूरों को लेकर धरना प्रदर्शन, अनशन एवं भूख हड़ताल जैसी कार्यवाही को अमलीजामा पहनायेगी। वार्ता में कामरेड राजवीर सिंह राठौर, नवल सिंह एडवोकेट, श्रीमती रज्जो देवी, पुत्तू सिंह राठौर, सोनू चक आदि ने भाग लिया।