हाथरस। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद की अगुवाई में आज निषाद पार्टी की संवैधानिक अधिकार यात्रा हाथरस पहुंची, जहां यात्रा का जोरदार स्वागत किया गया। संवैधानिक अधिकार यात्रा द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण करते हुए यात्रा कस्बा मेंडू, हाथरस जंक्शन क्षेत्र के लिए रवाना हो गई। यात्रा का मुख्य उद्देश्य मछुआ समाज को अनुसूचित जाति का आरक्षण दिलाना है। यात्रा अलीगढ़ रोड स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस से शुरू हुई, जिसे डॉ. संजय निषाद द्वारा झंडी दिखाकर रवाना किया गया तथा यात्रा शहर के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए घास की मंडी में वरिष्ठ नेता श्याम दहलवी के आवास पर पहुंची, जहां डॉ. संजय निषाद का प्रमोद दहलवी के नेतृत्व में जोरदार स्वागत व सम्मान किया गया।
इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता बौहरे प्रशांत शर्मा द्वारा भी निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद का जोरदार स्वागत किया गया।संवैधानिक अधिकार यात्रा के दौरान निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद ने बताया कि यह यात्रा प्रदेश के 200 निषाद बाहुल्य विधानसभा क्षेत्रों से होते हुए दिल्ली में समाप्त होगी। उन्होंने कहा कि मछुआ समाज के किराएदार नेताओं ने मछुआ समाज को डुबोने का काम किया है और हाथरस सांसद से उम्मीद है कि वह मछुआ समाज के आरक्षण के मुद्दों को सदन में उठाएंगे।इस दौरान कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने भाजपा के अंदर मौजूद कुछ श्विभीषणोंश् पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि इन्हीं लोगों की वजह से भाजपा को लोकसभा चुनाव में 43 सीटों की हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि इन लोगों ने पहले कांग्रेस, फिर बसपा और सपा का नुकसान किया और अब भाजपा में गलत संदेश फैला रहे हैं।
यात्रा में डॉ. लक्ष्मी नारायण कश्यप, सुरेश प्रधान, श्याम दहलवी, राम लखन कश्यप, सोनू कश्यप, कुसुम कश्यप, गुड़िया कश्यप, मीरा कश्यप ,महेश कश्यप, मोहित कश्यप, जुगल कश्यप, प्रेमपाल कश्यप, नेमपाल प्रजापति, पूरन कश्यप, वीर हसन एडवोकेट, प्रमोद दहलवी आदि तमाम लोग शामिल थे।