पत्रकारिता में पद मिलना उपलब्धि हो सकती है, लेकिन वर्षों तक विश्वास अर्जित करना और उसे बनाए रखना ही किसी पत्रकार की वास्तविक पूंजी है। श्री प्रदीप कुमार जैन की पत्रकारिता यात्रा इसी विश्वास, संस्कार और निरंतर कर्मशीलता की कहानी है। राष्ट्रीय स्तर पर राजा श्रेयांस पत्रकारिता पुरस्कार, से सम्मानित श्री जैन का प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया में पुनः सदस्य मनोनयन उनकी दीर्घ पत्रकारिता साधना और सामाजिक सरोकारों की राष्ट्रीय स्वीकृति है। 7 अक्टूबर 2026 की केंद्र सरकार की अधिसूचना के माध्यम से उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है।
यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष है कि जिस ‘दैनिक विश्व परिवार’ की पत्रकारिता परंपरा से श्री प्रदीप कुमार जैन जुड़े हैं, वह स्वयं अब अपनी यात्रा के स्वर्णिम वर्ष में प्रवेश कर चुका है। वर्ष 1976 में झांसी से स्वर्गीय श्री कैलाशचंद जी द्वारा स्थापित ‘दैनिक विश्व परिवार’ ने पांच दशकों की यात्रा में पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। आज यह समाचार-पत्र झांसी और रायपुर दोनों स्थानों व दो राज्यों से प्रकाशित हो रहा है। स्वर्णिम वर्ष के अवसर पर परिवार की इस गौरवपूर्ण पत्रकारिता परंपरा के प्रतिनिधि श्री प्रदीप कुमार जैन का राष्ट्रीय पत्रकारिता के सर्वाेच्च संस्थागत मंचों में से एक प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया में पुनः दायित्व प्राप्त करना निश्चित ही एक विशेष और गौरवपूर्ण संयोग है।
विश्व परिवार: नाम में ही एक व्यापक दृष्टि
विश्व परिवार केवल एक समाचार-पत्र का नाम नहीं, बल्कि एक विचार और जीवन-दृष्टि है। इसमें ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ की भावना के साथ प्राणीमात्र के कल्याण का व्यापक संदेश निहित है। ऐसे समय में जब पत्रकारिता में नकारात्मकता और सनसनी की प्रवृत्तियां अक्सर चर्चा में रहती हैं, दैनिक विश्व परिवार ने सकारात्मक, रचनात्मक और समाज को जोड़ने वाली पत्रकारिता को अपनी विशिष्ट पहचान बनाया है।
इस परंपरा की नींव रखने वाले स्वर्गीय श्री कैलाशचंद जी स्वयं पत्रकारिता के प्रतिष्ठित व्यक्तित्व थे और उत्तर प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के अध्यक्ष ,नगर पालिका झांसी के अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण दायित्व का निर्वहन कर चुके थे। परिवार की पत्रकारिता यात्रा को आगे बढ़ाने में उनके पुत्रों का भी उल्लेखनीय योगदान रहा। स्वर्गीय श्री प्रवीण कुमार जैन ने झांसी संस्करण में लगभग 15 वर्षों तक संपादक के रूप में अपनी सेवाएं देकर समाचार पत्र को विशेष ऊंचाइयां दीं और सामाजिक क्षेत्र में भी आपने विशिष्ट कार्य किए । उनके आकस्मिक निधन से पत्रकारिता का समाज सेवी चेहरा चिर निद्रा में विलीन हो गया ।
ऑपरेशन कवच 3.0: नियमों को ताक पर रखकर चलने वाली बसों पर एक्शन
♦ उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग का बड़ा एक्शन
हिमांशुः कानपुर। प्रदेश के यात्रियों की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के स्पष्ट निर्देशों के क्रम में पूरे राज्य में यात्री बसों का संचालन निर्धारित मानकों और सुरक्षा प्रावधानों के तहत किए जाने पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में, सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले वाहनों पर नकेल कसने के लिए 16 अक्टूबर 2026 से 17 अक्टूबर 2026 तक पूरे उत्तर प्रदेश में दो दिवसीय विशेष प्रवर्तन अभियान “ऑपरेशन कवच 3.0” चलाया गया।
कानपुर नगर में परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई
इस विशेष अभियान के तहत जनपद कानपुर नगर के प्रवर्तन अधिकारियों ने शहर और आसपास के मार्गों पर यात्री बसों की सघन चेकिंग की। चेकिंग के दौरान बस बॉडी कोड (ए आई एस 119, 135, 052) के मानकों की अनदेखी करने, अनुमति क्षमता से अधिक सीटें या स्लीपर पाए जाने, आपातकालीन निकास (Emergency Exit) न होने या क्रियाशील न होने जैसे गंभीर मामलों पर कड़ी कार्रवाई की गई।
इसके साथ ही, बसों में अग्नि सुरक्षा उपकरणों का अभाव, बिना परमिट या परमिट शर्तों का उल्लंघन, तथा सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर बसों की छत या कैरियर पर निर्धारित सीमा से अधिक ऊंचाई तक सामान लादकर वाहन संचालित करने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए।
विंसटन मेमोरियल एकेडमी में धूमधाम से मना दशहरा उत्सव
घाटमपुर, कानपुर । शनिवार दोपहर तहसील क्षेत्र के रेऊना स्थित विंसटन मेमोरियल एकेडमी में टीचर एवं छात्र-छात्राओं द्वारा दशहरा उत्सव पर्व हर्षाेल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का प्रारंभ दुर्गा माँ की स्तुति से हुआ जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया। उसके बाद प्रबंधक मनीष कुशवाहा, निर्देशक सौरभकुशवाहा तथा प्रधानाचार्या समिता आरोड़ा ने माँ दुर्गा की आरती की। विद्यालय की छात्रा लक्ष्मी ने माँ दुर्गा का रूप धारण किया। छात्र, छात्राओं ने पारंपरिक परिधान में गरबा नृत्य की प्रस्तुति की। प्रधानाचार्या स्मिता आरोड़ा ने दशहरा पर्व का महत्व बताते हुए सत्य की असत्य पर तथा अच्छाई की बुराई पर विजय का संदेश दिया तथा सदाचार अपनाने की शिक्षा दी।
यमुना नदी में सीधे गिर रहे गंदे नालों के खिलाफ जतायी नाराजगी
मथुरा। वृंदावन के वाराह घाट पर पहुंचकर यमुना नदी में सीधे गिर रहे गंदे नालों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इन सभी नालों को टेप करके सीवेज लाइन के माध्यम से सीवेज प्लांट तक पानी पहुंचाया जाए, ताकि यमुना जी को प्रदूषण मुक्त किया जा सके।
संस्था के अध्यक्ष विवेक महाजन एडवोकेट ने बताया कि मौजूदा समय में वृंदावन में 5 एमएलडी और 7 एमएलडी क्षमता के दो सीवेज प्लांट होने के बावजूद शहर का सारा गंदा पानी और सीवर का मल-मूत्र सीधे यमुना में बहाया जा रहा है, जिससे नदी का अस्तित्व खतरे में पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अरबों रुपया खर्च होने के बाद भी यमुना का जल शुद्ध नहीं हो पा रहा है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन इसे गम्भीरता से लेते हुए नालों को टेप करवाए।
कांग्रेसियों ने हिमांशु कुमार सिंह का किया स्वागत
फिरोजाबाद। हिमांशु कुमार सिंह को उत्तर प्रदेश युवक कांग्रेस पश्चिम का उपाध्यक्ष बनाए जाने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
सचिव उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी डॉ. प्रकाशनिधि गर्ग एवं अध्यक्ष जिला युवक कांग्रेस चाँद कुरैशी के नेतृत्व में हिमांशु कुमार सिंह का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। डॉ. प्रकाशनिधि गर्ग ने कहा कि हिमांशु कुमार सिंह को उत्तर प्रदेश युवक कांग्रेस पश्चिम का उपाध्यक्ष बनाए जाने पर मैं बधाई एवं शुभकामनाएँ दी है। हिमांशु सिंह युवाओं को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ने, युवाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा एवं ऊर्जा के साथ कार्य करेंगे। आज देश के युवाओं को रोजगार, शिक्षा और बेहतर भविष्य के लिए एक मजबूत आवाज की आवश्यकता है।
स्वास्थ्य शिविर में मरीजों की जांच कर दिया परामर्श
-सेवा सदन आयुर्वेदित चिकित्सा केंद्र ने जरूरतमंदों को उपलब्ध कराईं औषधियां
फिरोजाबाद। सेवा सदन आयुर्वेदिक चिकित्सा केंद्र द्वारा एक दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परामर्श शिविर श्रीमती भगवती देवी अग्रवाल बालिका विद्यालय चौकीगेट पर आयोजित किया गया। शिविर में नगर और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे 100 से ज्यादा मरीजों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. चंद्रप्रकाश दीक्षित एवं डॉ. अंकुर गुप्ता ने मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया। इस दौरान मरीजों का रक्तचाप (बीपी), शुगर, वजन सहित सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। आयुर्वेद विशेषज्ञों ने बवासीर, कब्ज, गैस, अम्लपित्त, जोड़ों के दर्द सहित अन्य सामान्य रोगों से संबंधित 100 से अधिक मरीजों की जांच कर उन्हें उचित परामर्श दिया और आवश्यक औषधियां उपलब्ध कराईं। आयोजक प्रवीण अग्रवाल ने बताया कि शिविर का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के माध्यम से सुरक्षित एवं प्रभावी उपचार उपलब्ध कराना है।
फूल बंगला और छप्पन भोग के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु
-महाआरती के बाद हुआ अष्टमेवा प्रसाद हुआ वितरण
फिरोजाबाद। नवदुर्गा मंदिर परिवार समिति द्वारा नवदुर्गा मंदिर में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर मंदिर में फूल बंगला एवं छप्पन भोग सजाया गया। माता रानी के दिव्य और भव्य दर्शन करने के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
मंदिर के महंत महेंद्र मिश्रा ने बताया कि नवरात्रि महोत्सव की तैयारियां कई दिन पहले से शुरू कर दी गई थीं। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी 11 से 20 अक्टूबर तक नवरात्रि महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। रविवार सुबह आठ बजे से फूल बंगला एवं छप्पन भोग के दर्शन शुरू हुए। शाम सात बजे माता रानी की महाआरती की गई, जिसके बाद श्रद्धालुओं को अष्टमेवा प्रसाद वितरित किया गया। रविवार रात 10 बजे से श्री चंडी महायज्ञ का आयोजन किया गया। वहीं 19 अक्टूबर को शाम सात बजे महाआरती एवं छप्पन भोग प्रसाद वितरण किया जाएगा। मंगलवार को हनुमान रोड स्थित राजेंद्र विश्राम गृह में दोपहर एक बजे से 108 कन्या-लांगुर पूजन एवं विशाल भंडारे का आयोजन होगा।
आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारियों ने सदर विधायक से लगाई गुहार
-प्रदेश सरकार की ओर से मानदेय में की गई वृद्धि का लाभ नहीं मिलने का लगाया आरोप
फिरोजाबाद। राजकीय मेडिकल कॉलेज में कार्यरत आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारियों को प्रदेश सरकार की ओर से मानदेय में की गई वृद्धि का लाभ नहीं मिलने का मामला सामने आया है। कर्मचारियों ने सदर विधायक मनीष असीजा से उनके आवास पर मुलाकात कर अपनी समस्या रखी।
उन्होंने बताया कि शासन की ओर से आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के मानदेय में वृद्धि किए जाने के बावजूद संबंधित कंपनी पुराने मानदेय के आधार पर ही भुगतान कर रही है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। कर्मचारियों की शिकायत पर विधायक मनीष असीजा ने तत्काल पहल करते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. योगेश गोयल और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक से वार्ता की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन के आदेशों का अक्षरशः पालन कराया जाए और मानदेय में की गई वृद्धि का लाभ सभी सफाई कर्मचारियों को दिलाया जाए।
रंगों के माध्यम से आपसी प्रेम, एकता और विश्व बंधुत्व का दिया संदेश
-चित्रकला प्रतियोगिता में 936 बच्चों ने दिखाई अपनी प्रतिभा
फिरोजाबाद। आदर्श विकास संस्थान की ओर सेएमजी गर्ल्स इंटर कॉलेज, में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। चार वर्गों में आयोजित प्रतियोगिता में कुल 936 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता की थीम एक राष्ट्र-एक परिवार, हमारा हो संयुक्त परिवार-सुखी परिवार तथा ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ रही। बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और रंगों के माध्यम से संयुक्त परिवार की महत्ता, आपसी प्रेम, एकता और विश्व बंधुत्व का संदेश दिया।
आयोजक राजेश दुबे ने कहा कि घर ही बच्चे का पहला संसार है और संयुक्त परिवार सुखी समाज की मजबूत नींव है। साथ ही आगामी दिसंबर में आयोजित होने वाली सामान्य ज्ञान एवं गणित प्रतिभा खोज प्रतियोगिताओं में बच्चों को निःशुल्क प्रतिभाग कराने के उद्देश्य से 46,800 रुपये मूल्य के गिफ्ट कार्ड वितरित किए गए। देवब्रत पांडेय, डॉ. कविता द्विवेदी, डॉ. सुनील भारद्वाज और जीवन ज्योति हॉस्पिटल के डॉ. दीपक गुप्ता के जन्मोत्सव के अवसर पर उनके सहयोग से ये कार्ड उपलब्ध कराए गए। इनके माध्यम से बच्चे आगामी प्रतियोगिताओं में बिना शुल्क के प्रतिभाग कर सकेंगे।
भगवान राम की आरती के बाद रामलीला का किया शुभारम्भ
-मेघनाथ के शक्तिबाण से लक्ष्मण हुए मूर्छित, रामदल में पसरा सन्नाटा
फिरोजाबाद। सनातन धर्म रामलीला महोत्सव समिति लेबर कॉलोनी की रामलीला मंचन का शुभारंभ एसपी सिटी रवि शंकर प्रसाद द्वारा भगवान राम की आरती उतार कर किया गया।
अंगद के रामादल में लौटने के बाद रावण और राम की सेना दोनों आमने सामने आ जाती है। राम की तरफ से लक्ष्मण और रावण की तरफ से मेघनाथ युद्व करते है। दोनों में भयंकर युद्ध होता है। मेघनाथ लक्ष्मण के शक्ति बाण मार देता है लक्ष्मण मूर्छित होकर गिर पड़ते हैं। हनुमान जी लक्ष्मण को लेकर रामा दल में आते हैं। राम दुखी होते हैं और कोई उपचार पूछते हैं। तभी विभीषण बताता है लंका में सुसैन नाम का एक वैध है, वहीं लक्ष्मण का उपचार कर सकते है। राम की आज्ञा से हनुमान जी लंका से सुसैन वैध को लेकर आते हैं। वैध जी लक्ष्मण की तबीयत को देखते है और कहते है हिमालय पर्वत पर संजीवनी बूटी है, सुबह होने तक अगर वह आ जाएगी तो लक्ष्मण के प्राण बच जाएंगे। हनुमान जी संजीवनी बूटी लेने हिमालय पर्वत पर जाते हैं, रावण को पता चलता है कि हनुमान जी संजीवनी बूटी लेने जा रहे हैं, तो वह कालनेमी से हनुमान की रास्ता रूकवाता है। हनुमान जी कालनेमी का वध कर देते हैं और संजीवनी बूटी लेने हिमालय पर पहुंच जाते हैं। तो पूरा पार्वत ही उखाड़ लाते हैं। सुबह होते ही राम दल में पहुंच जाते हैं।
Jansaamna