फिरोजाबाद। महाशिवरात्रि का पर्व बुधवार को धूमधाम से मनाया गया। सुबह चार बजे से ही शिवालय बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठे। कांवड़िया और श्रद्धालुओं ने देवाधि देव भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक किया। वहीं गोपाल आश्रम, गंज मौहल्ला, गल्ला मंडी, कैला देवी मंदिर सहित अन्य शिवालयों में सुबह से लेकर शाम तक भक्तों की भीड़ रही। देर शाम शिवालयों में भव्य फूल बंगला सजाया गया।
महाशिवरात्रि के अवसर पर शहर से आठ किलोमीटर दूर स्थित सांती स्थित शिव मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। दूर-दराज से श्रद्धालु यहां कांवड़ चढ़ाने के लिए आए। उनके लिए मंदिर में प्रवेश की अलग से व्यवस्था की गई है। भीड़ को देखते हुए यहां पुलिस फोर्स भी तैनात रहा। बजरिया स्थित पंचमुखी महादेव मंदिर में सुबह पांच बजे से भोलेनाथ का अभिषेक शुरू हुआ। रामलीला मैदान स्थित श्री सिद्धेश्वर नाथ महादेव मंदिर के महंत हरिदत्त पंत ने बताया कि सुबह से पूजन के बाद फूल बंगला सजाया गया है। रात नौ बजे तक दर्शन होंगे। रात 9.30 बजे से रुद्राभिषेक व भंडारा होगा। इसके अलावा गल्ला मंडी स्थित रमणेश्वर महादेव मंदिर, राजराजेश्वरी कैला देवी मंदिर परिसर स्थित ओंकारेश्वर महादेव मंदिर, मुहल्ला दुली स्थित सिद्वेश्वरनाथ महादेव मंदिर, रसूलपुर स्थित बजरंग वाटिका सहित अन्य शिवालयों में रुद्राभिषेक, फूलबंगला व महाआरती का आयोजन हुआ।