Saturday, May 24, 2025
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » विधायक सदर ने दिव्यांगजनों को निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण किए वितरित

विधायक सदर ने दिव्यांगजनों को निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण किए वितरित

रायबरेली। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित कृत्रिम अंग सहायक उपकरण योजना के अंतर्गत जनपद के दिव्यांगजनों को निःशुल्क उपकरण वितरण कार्यक्रम का आयोजन सामुदायिक केन्द्र रतापुर परिसर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक अदिति सिंह, जिलाधिकारी हर्षिता माथुर, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी अर्पित उपाध्याय ने सहभागिता की।
इस अवसर पर विधायक अदिति सिंह ने दिव्यांगजनों के लिए राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी एवं उपस्थित लाभार्थियों को इन योजनाओं से लाभान्वित होने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में चिन्हित 37 पात्र दिव्यांगजनों को कुल 63 सहायक उपकरण वितरित किए गए, जिनमें 28 ट्राईसाइकिल, 26 बैसाखी, 5 व्हीलचेयर एवं 4 स्मार्ट केन शामिल थीं। इसके अतिरिक्त 7 नए दिव्यांगजनों का विभिन्न योजनाओं हेतु चिन्हांकन भी किया गया।
उपकरण प्राप्त करने वाले लाभार्थियों ने संतोष एवं प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विधायक, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी तथा दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के प्रति आभार प्रकट किया। कार्यक्रम का संचालन एस.एस. पाण्डेय द्वारा किया गया। जिला समाज कल्याण अधिकारी सृष्टि अवस्थी ने सभी अतिथियों का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।