Saturday, March 7, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » उत्तर प्रदेश गौरव की मानद उपाधि से सम्मानित हुए पर्यटन मंत्री

उत्तर प्रदेश गौरव की मानद उपाधि से सम्मानित हुए पर्यटन मंत्री

फिरोजाबाद। नेशनल स्किल डेवलपमेंट एंड अवार्ड काउंसिल की ओर से रविवार को आशीर्वाद पैलेस में वृहद स्तर पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के पर्यटन एवं सांस्कृतिक मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम से हुई। इस अवसर पर डॉक्टर अमित जैन की शोध पत्रिका ‘डेलीबरेटिव रिसर्च’ का विमोचन भी किया गया। साथ ही, संस्थान की ओर से पर्यटन मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह को संस्कृति, पर्यावरण और पर्यटन के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए ‘उत्तर प्रदेश गौरव’ की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में पर्यटन मंत्री ने कहा कि नेशनल स्किल डेवलपमेंट एंड अवार्ड काउंसिल द्वारा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और लोगों को एक मंच पर लाने और उन्हें सम्मानित करने का कार्य अत्यंत सराहनीय है। इस तरह के कार्यक्रमों से समाज सेवा करने वाले व्यक्तियों और संगठनों को न केवल पहचान मिलती है, बल्कि दूसरों को भी प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि समाज सेवा के क्षेत्र में अधिक से अधिक लोगों को आगे आना चाहिए, ताकि जरूरतमंदों की समय पर सहायता हो सके। कार्यक्रम में यशपाल यश ने काव्य पाठ प्रस्तुत किया, जबकि लटूरी लटठ की हास्य कविताओं ने श्रोताओं को खूब हंसाया। मुनि अमित सागर महाराज ने मानव सेवा पर प्रवचन दिए। संस्थान के अध्यक्ष डॉ. सुनील जैन ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य प्रमुख समाजसेवी संगठनों एवं व्यक्तियों को ‘फिरोजाबाद गौरव’ और ‘समाज गौरव’ की मानक उपाधि देकर उन्हें प्रोत्साहित करना है, ताकि वे मानव सेवा, चिकित्सा सेवा, शिक्षा और पर्यावरण जैसे क्षेत्रों में अपने योगदान को और मजबूत करें। विशिष्ट अतिथियों में पुष्पेंद्र सूर्यवंशी (एनएसआईसी), आनंद कुमार सिंह (जेलर, जिला जेल बरेली) और योगेश कुमार यादव (कुलपति, माइंड पावर यूनिवर्सिटी, नैनीताल) ने अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अमित जैन और संस्था की सचिव डॉ. रचना उपाध्याय ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर संस्था के उपाध्यक्ष संदीप कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष रश्मि गुप्ता, सदस्य सुधीर शर्मा, अजीत कुमार, सत्यम यादव, हनी सिंह, दिव्यांशु गुप्ता, अनन्या शर्मा, चेतन शर्मा, एडवोकेट रीनू जैन, अभिषेक जैन, ज्योति, आदित्य, अनुराधा, मोहित जैन, नितिन जैन आदि उपस्थित रहे।