Saturday, March 7, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » 75 जनपदों में बेसिक शिक्षा विभाग की महत्वपूर्ण योजनाओं हेतु लगभग 3.5 हजार करोड़ की परियोजना का मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण

75 जनपदों में बेसिक शिक्षा विभाग की महत्वपूर्ण योजनाओं हेतु लगभग 3.5 हजार करोड़ की परियोजना का मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण

रायबरेली। बेसिक शिक्षा विभाग की महत्वपूर्ण योजनाओं, कार्यक्रमों का लोकार्पण, शिलान्यास और शुभारम्भ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ स्थित लोक भवन से किया गया। इसी क्रम में रायबरेली जनपद के रतापुर स्थित गोपाल सरस्वती विद्या मंदिर के सभागार में जनपद स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में विधायक सदर अदिति सिंह, विधायक ऊँचाहार डॉ. मनोज कुमार पांडेय, जिलाधिकारी हर्षिता माथुर, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अर्पित उपाध्याय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवेन्द्र प्रताप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी समेत कई अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके उपरांत लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण उपस्थित लोगों को दिखाया गया। इस अवसर पर ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत निपुण विद्यालय के पांच प्रधानाध्यापकों को सभी मानकों को पूर्ण करने पर सम्मानित किया गया। साथ ही समर कैंप में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 5 शिक्षामित्रों, अनुदेशकों तथा टैबलेट व स्मार्ट क्लास का प्रभावी संचालन करने वाले 5 अध्यापकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने कहा कि प्रदेश के सभी 75 जनपदों में लगभग 3.5 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास एवं शुभारम्भ किया गया है। इन परियोजनाओं के माध्यम से शिक्षा की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से सत्र 2025-26 के छात्र-छात्राओं के अभिभावकों के खाते में 1200 रुपये की धनराशि हस्तांतरित की गई है, जिसका उपयोग अभिभावक बच्चों के लिए ड्रेस, बैग, जूता-मोजा, स्वेटर और स्टेशनरी खरीदने में कर सकेंगे। प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में शिक्षा का स्तर निरंतर ऊंचा हुआ है। स्कूलों की संख्या और उनमें छात्रों का नामांकन तेजी से बढ़ा है। पहले की तुलना में अब के स्कूल भवन, फर्नीचर और मूलभूत सुविधाएं बेहतर हुई हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज के लिए मार्गदर्शक हैं और उन्हें अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करना चाहिए। कार्यक्रम में विधायकगण और अन्य अतिथियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। धन्यवाद ज्ञापन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर राघवेन्द्र प्रताप सिंह, शिवेन्द्र सिंह समेत संबंधित अधिकारीगण और शिक्षकगण उपस्थित रहे।