शिकोहाबाद। गंगा दशहरा का पर्व बृहस्पतिवार को धूमधाम से मनाया जायेगा। इस दौरान भूड़ा नहर पुल और स्टेशन रोड स्थित पुल के पास मेला का आयोजन किया जाता है। बड़ी संख्या में लोग यहां गंगा स्नान करने और बच्चों के मुंडन कराने के लिए दूर दराज से आते हैं। एसे में युवक, युवतियां और बच्चे नहर में स्नान करते हैं। किसी भी घटना को रोकने के लिए प्रभारी निरीक्षक ने उप निरीक्षक और पुलिस कर्मियों को तैनात किया है।
बृहस्पतिवार को गंगा दशहरा है। इस पर्व पर गंगा स्नान और दान करने का विशेष महत्व है। लोगों का कहना है कि गंगा दशहरा पर गंगा में स्नान करके जो दान करते हैं उसका कई गुना फल मिलता है। इसी आस्था को मानते हुए बड़ी संख्या में लोग गंगा में स्नान करने के लिए जाते हैं। लेकिन बहुत से लोग गंगा नहीं जा पाते हैं वे भूड़ा नहर में स्नान करके अपनी औपचारिकता पूरी करते हैं। यह नहर भी निचली गंगा से निकली है। इस लिए इसमें स्नान का भी उतना ही महत्व है, जितना गंगा में स्नान करने का है। यहां दूर दराज से लोग अपने बच्चों का मुंडन कराने भी आते हैं। भूड़ा पुल और स्टेशन रोड पर भीड़ और श्रद्धालुओं को देखते हुए यहां मेला लगाया जाता है। जिससे लोगों को रोजगार भी मिलता है। गंगा दशहरा पर्व को ध्यान में रखते हुए थाना पुलिस भी अलर्ट है। प्रभारी निरीक्षक अनुज राणा ने बताया कि दशहरा पर्व पर किसी प्रकार की कोई अनहोनी घटना ना हो, इस लिए उन्होंने भूड़ा पुल, छीछामई पुल और स्टेशन रोड स्थित पुल पर उप निरीक्षक के साथ पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि उनकी प्राथमिकता है कि गंगा दशहरा पर्व को शांति पूर्वक संपन्न कराया जाए। वह खुद भी बीच-बीच में भ्रमण कर जायजा लेंगे।
Jansaamna