बिंदकी, फतेहपुर। आगामी भगवान श्री जगन्नाथ जी की यात्रा तथा मोहर्रम के त्योहार को लेकर मंगलवार शाम को नगर के कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रगति यादव ने की, जिसमें आगामी कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने पर चर्चा की गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रगति यादव ने बताया कि 27 जून, शुक्रवार को बिंदकी कस्बे के मोहल्ला महजनी गली स्थित ठाकुरद्वारा श्री जगन्नाथ मंदिर से भगवान श्री जगन्नाथ जी की यात्रा निकाली जाएगी। साथ ही मोहर्रम का पर्व भी निकट है। उन्होंने कहा कि दोनों त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाए जाएं। कोई भी व्यक्ति गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल न हो। यदि किसी को कोई समस्या प्रतीत होती है तो वह तत्काल पुलिस या प्रशासन से संपर्क करें, ताकि समय रहते समाधान किया जा सके। नायब तहसीलदार रचना यादव ने बताया कि भगवान श्री जगन्नाथ जी की यात्रा के जिन रास्तों से गुजरने की योजना है, उनका पूर्व निरीक्षण किया जाएगा ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और यात्रा सुचारु रूप से संपन्न हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि मोहर्रम के जुलूस और श्री जगन्नाथ यात्रा दोनों के मार्गों की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। इस अवसर पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक लान सिंह, कस्बा इंचार्ज राज नारायण, उपनिरीक्षक कैलाश राम, यश करण सिंह, हरिश्चंद्र, नगर पालिका के राजस्व निरीक्षक रविंद्र सोनकर, निर्माण विभाग की अवर अभियंता आराधना पटेल, विद्युत विभाग के अवर अभियंता मोहम्मद आलम उपस्थित रहे। इसके अलावा शहर काजी अब्दुल रजा कादरी, भाजपा मंडल अध्यक्ष पूरन सिंह बऊआ, नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन मुन्नालाल सोनकर, पूर्व मंडल अध्यक्ष अतुल द्विवेदी, भाजपा नेत्री सोमवती निषाद व स्वाति ओमर, व्यापारी नेता व समाजसेवी लक्ष्मी चंद्र उर्फ मोना ओमर, सभासद पप्पू शाह, आनंद सोनकर, महेंद्र साहू, प्रतीक शुक्ला उर्फ विभू शुक्ला, शाहिद, आशीष साहू, गोल्डी तिवारी, मनीष तिवारी, सौरभ बाजपेई, आदर्श सिंह चौहान, पूर्व प्रधान आनंद शुक्ला, दीपक कुमार, राजू लाला, राम जी सीसा वाले, अश्वनी मिश्रा सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Jansaamna