Saturday, April 25, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » हरदौली गांव में भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) की पंचायत, समस्याओं के समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी

हरदौली गांव में भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) की पंचायत, समस्याओं के समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी

बिंदकी, फतेहपुर। मलवा विकासखंड क्षेत्र के हरदौली गांव में मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक गुट) की ओर से ग्रामीण समस्याओं को लेकर एक पंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत में यूनियन के पदाधिकारियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो संगठन आंदोलन करने को मजबूर होगा। पंचायत की अध्यक्षता कर रहे यूनियन के तहसील अध्यक्ष सुधीर प्रताप सिंह उर्फ बबलू सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं। पेयजल की स्थिति बेहद खराब है। हरदौली सहित आसपास के गांवों में पानी की टंकी और पाइपलाइन तो बिछा दी गई है, लेकिन स्टैंड पोस्ट में टोटियां नहीं लगाई गई हैं। जहां टोटियां लगी भी हैं, वहां पानी नहीं आ रहा। उन्होंने मांग की कि बुधराज के घर से सुखीराम के घर तक और मौजी लाल से भिखारी प्रसाद के घर तक की सड़कों को आरसीसी या इंटरलॉकिंग में परिवर्तित किया जाए, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा हो सके। इस दौरान तहसील अध्यक्ष सुखीराम ने कहा कि गांव में बिजली व्यवस्था भी चरमराई हुई है। कई जगह अभी तक बिजली के खंभे (लट्ठे) नहीं लगे हैं, जिससे रात में अंधेरा बना रहता है। कई घरों तक बिजली की आपूर्ति अब तक नहीं हो सकी है। ब्लॉक अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह ने गांव में एक वृद्ध के साथ मारपीट की घटना की ओर इशारा करते हुए कहा कि यह घटना एक नलकूप पर सोने के दौरान हुई थी, लेकिन अभी तक मामले की सही तरीके से जांच नहीं की गई और न ही आरोपी के खिलाफ ठोस कानूनी कार्रवाई हुई है। इस पंचायत में यूनियन के नेता पुत्तन दुबे, प्रधान राहुल पटेल, मनोज पटेल, महावीर, राजू उर्फ बवंडर, स्वामी दिन, शिव प्रसाद, घनश्याम, भोला, धीरज, अमित, अभिषेक समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।