हाथरस। भाजपा जिला कार्यालय पर कांग्रेस द्वारा लगाए गए आपातकाल के काले अध्याय की 50वीं बरसी के अवसर पर एक सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष शरद माहेश्वरी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के छविचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर हाथरस भाजपा कार्यालय में आपातकाल विषय पर आधारित प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया गया और उसका अवलोकन भी किया गया। कार्यक्रम में आपातकाल के दौरान जेल भेजे गए जिले के वरिष्ठ लोकतंत्र सेनानियों को शॉल ओढ़ाकर एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि मंत्री लक्ष्मीनारायण ने अपने संबोधन में कहा कि 25 जून 1975 की रात कांग्रेस ने आंतरिक अस्थिरता का बहाना बनाकर देश पर आपातकाल थोप दिया। यह कोई युद्ध या विद्रोह की स्थिति नहीं थी, बल्कि एक डरी हुई प्रधानमंत्री की सत्ता बचाने की कोशिश थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान प्रेस की स्वतंत्रता, न्यायपालिका की निष्पक्षता और नागरिक अधिकारों को कुचल दिया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की तानाशाही प्रवृत्ति आज भी बरकरार है, सिर्फ उनके तौर-तरीके बदले हैं, नीयत वही है। लोकतंत्र की रक्षा करने वाले हजारों लोगों को जेलों में बंद कर अत्याचार किया गया था। सेमिनार में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनिल चौधरी, सदर विधायक अंजुला माहौर, सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा और कई अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी विचार रखे। कार्यक्रम में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता एवं लोकतंत्र सेनानी मौजूद रहे।
Home » मुख्य समाचार » आपातकाल की 50वीं बरसी पर भाजपा कार्यालय पर हुआ सेमिनार, लोकतंत्र सेनानियों को किया गया सम्मानित
Jansaamna