Tuesday, April 28, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » स्कूलों को बेहतर बनाने के लिए शुरू हुई स्कूल पेयरिंग नीति : जिलाधिकारी

स्कूलों को बेहतर बनाने के लिए शुरू हुई स्कूल पेयरिंग नीति : जिलाधिकारी

फिरोजाबाद। शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और सरकारी स्कूलों को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से ‘‘स्कूल पेयरिंग नीति’’ को लेकर जिलाधिकारी रमेश रंजन की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार कक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी रमेश रंजन ने कहा कि पिछले 5 से 7 वर्षों में शिक्षकों के प्रयासों से शिक्षा की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। स्कूल पेयरिंग नीति सरकार की एक दूरदर्शी पहल है, जिसका उद्देश्य स्कूलों को बंद करना नहीं, बल्कि उन्हें और अधिक सशक्त व संसाधनयुक्त बनाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन विद्यालयों में बच्चों की संख्या बहुत कम है, वहां के बच्चों को पास के किसी अन्य स्कूल में समायोजित किया जाएगा, जिससे कक्षाएं पूरी तरह भरी रहेंगी और विद्यार्थियों के बीच संवाद व सामूहिक गतिविधियों में बढ़ोत्तरी होगी। इस नीति के तहत एक स्कूल को प्री-प्राइमरी के लिए तथा दूसरे को प्राइमरी व मिडिल क्लास (कक्षा 1 से 5 व 6 से 8) के लिए नामित किया जा रहा है। इन विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर लैब, खेल मैदान जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही प्रत्येक पेयर्ड स्कूल में पर्याप्त शिक्षकों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में और सुधार होगा। डीएम ने बताया कि जनपद फिरोजाबाद में कुल 162 विद्यालयों का पेयरिंग किया जाना है। बैठक के दौरान महिला शिक्षक संघ, प्राथमिक शिक्षक संघ और राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के प्रतिनिधियों ने भी अपनी राय रखी और नीति का समर्थन किया। उन्होंने इस बात पर सहमति जताई कि यह नीति शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक होगी। डीएम ने अंत में कहा कि आज के समय में बच्चों को सिर्फ किताबी ज्ञान नहीं, बल्कि संस्कृति, संस्कार और तकनीकी ज्ञान की भी उतनी ही आवश्यकता है, और यह सब स्कूल पेयरिंग जैसी दूरदर्शी नीतियों से ही संभव है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षाधिकारी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।