रायबरेली। 11वें अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह के अंतर्गत आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका), रायबरेली के प्रशासनिक भवन स्थित सेमीनार कक्ष में 25 जून को एक योग गोष्ठी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाप्रबंधक प्रशान्त कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन तथा मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त रमेश चन्द्र के नेतृत्व में संपन्न हुआ। योग गोष्ठी में अतिथि वक्ता के रूप में आमंत्रित योगाचार्य अमित कुमार त्रिपाठी ने “तन, मन, जीवन की एक सुंदर यात्रा लिए योग” विषय पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि भारत में महर्षि पतंजलि ने ‘योगसूत्र’ ग्रंथ की रचना कर योग को जन-जन के लिए सुलभ और व्यावहारिक बनाया, जिससे आज करोड़ों लोग योग से प्रेरित हो रहे हैं। इस अवसर पर आरेडिका के मुख्य राजभाषा अधिकारी रमेश चन्द्र ने योग के अष्टांगिक मार्ग के दार्शनिक पक्ष को सरल भाषा में समझाया। उन्होंने यम, नियम, आसन, प्राणायाम, प्रत्याहार, धारणा, ध्यान एवं समाधि के माध्यम से योग की सम्पूर्ण प्रक्रिया को व्याख्यायित किया और उसके व्यावहारिक महत्व को बताया। प्रधान मुख्य विद्युत अभियंता मनोज कुमार जिंदल ने कहा कि योग भारत की विश्व को दी गई एक अनमोल सौगात है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि स्वयं योग अपनाएं और बच्चों को भी इसकी प्रेरणा दें, जिससे जीवन में स्वास्थ्य और संतुलन बना रहे। कार्यक्रम के अंत में राजभाषा अधिकारी राकेश रंजन ने सभी वक्ताओं, अधिकारियों और उपस्थित कर्मचारियों को धन्यवाद ज्ञापित किया। योग गोष्ठी में आरेडिका के विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योग को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। आयोजन की सफलता में सभी विभागों का सहयोग सराहनीय रहा। इस संबंध में जानकारी मुख्य जन संपर्क अधिकारी आर.एन. तिवारी द्वारा दी गई।
Jansaamna