Saturday, March 7, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » सीएमओ ने किया ‘डायरिया रोको अभियान’ का शुभारंभ

सीएमओ ने किया ‘डायरिया रोको अभियान’ का शुभारंभ

मथुरा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संजीव यादव ने गुरुवार को मथुरा जनपद के नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, लक्ष्मीनगर से ‘डायरिया रोको अभियान’ (स्टॉप डायरिया कैंपेन) का शुभारंभ किया। यह अभियान आगामी 31 जुलाई तक जिलेभर में संचालित किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए सीएमओ डॉ. यादव ने कहा कि शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को डायरिया से सुरक्षित रखना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अभियान की थीम “डायरिया की रोकथाम, सफाई और ओआरएस से रखें अपना ध्यान” तय की गई है। सीएमओ ने इस अवसर पर छोटे बच्चों को ओआरएस के पैकेट और जिंक की गोलियां वितरित कीं और उनके प्रयोग की जानकारी विस्तार से दी। उन्होंने बताया कि यदि बच्चे को दिन में तीन या उससे अधिक बार पतला दस्त हो, तो यह डायरिया का संकेत है और ऐसे में ओआरएस का घोल तुरंत देना चाहिए ताकि शरीर में पानी की कमी न हो। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति (वीएचएसएनसी) की बैठकों में डायरिया से संबंधित जन-जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। इन बैठकों में प्रमुख रूप से यह बताया जाएगा कि:

  • दस्त होने पर बच्चों को ओआरएस और अधिक मात्रा में तरल पदार्थ दिया जाए।
  • 14 दिन तक उम्रानुसार जिंक की गोली अवश्य दी जाए।
  • स्वच्छ पानी का सेवन किया जाए।
  • खाना बनाने, परोसने, खिलाने से पहले और शौच के बाद हाथों को साबुन-पानी से अच्छी तरह धोया जाए।

डॉ. यादव ने यह भी बताया कि जिला और ब्लॉक स्तर पर स्वास्थ्य कर्मियों की बैठकों के माध्यम से डायरिया प्रबंधन से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। अभियान में पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (PSI इंडिया) और केनव्यू का सहयोग लिया जा रहा है, जो “डायरिया से डर नहीं” कार्यक्रम के माध्यम से जनजागरूकता फैलाने में मदद कर रहे हैं। इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक कुमार, पार्षद यतेंद्र माहौर, जिला कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर डॉ. पारुल, अर्बन हेल्थ कोऑर्डिनेटर फौजिया, डीएमसी यूनिसेफ पूनम यादव, पीएसआई इंडिया से शशांक दुबे, चोब सिंह बघेल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।