हाथरस, सासनी। राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ ने शुक्रवार को सासनी तहसील परिसर में जनसुनवाई कर पीड़ित महिलाओं की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत रेनू गौड़ सासनी तहसील पहुंचीं, जहां उन्होंने दर्जनों महिलाओं से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। कई मामलों में मौके पर ही समाधान की कार्रवाई की गई, जबकि अन्य मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। इस दौरान एसडीएम सासनी नीरज शर्मा सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। जनसुनवाई के उपरांत रेनू गौड़ ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र में व्याप्त गंदगी को देखकर उन्होंने नाराजगी जाहिर की और चिकित्सा प्रभारी को तत्काल साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण कर मरीजों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। मरीजों को मास्क न मिलने पर उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को फटकार लगाई और सभी मरीजों को मास्क उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर जोर दिया। स्वयं की शर्करा जांच कर उन्होंने लैब सेवाओं की गुणवत्ता का आकलन किया। साथ ही चिकित्सकों व कर्मचारियों को मरीजों को बेहतर उपचार और आवश्यक दवाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एमओआईसी डॉ. दलवीर रावत, चतुर सिंह, कैलाश चंद्र, श्रीमती उमा सेंगर, अनिल जैसवाल, श्रीमती प्रीति सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Jansaamna