Saturday, March 7, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » कार्यवाहक मुख्य सचिव की अध्यक्षता में सम्मिलित कनिष्ठ सहायक, कनिष्ठ लिपिक एवं सहायक स्तर-।।। मुख्य परीक्षा के शुचितापूर्ण और पारदर्शी आयोजन हेतु बैठक संपन्न

कार्यवाहक मुख्य सचिव की अध्यक्षता में सम्मिलित कनिष्ठ सहायक, कनिष्ठ लिपिक एवं सहायक स्तर-।।। मुख्य परीक्षा के शुचितापूर्ण और पारदर्शी आयोजन हेतु बैठक संपन्न

लखनऊ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ द्वारा 29 जून 2025 को आयोजित होने वाली सम्मिलित कनिष्ठ सहायक, कनिष्ठ लिपिक एवं सहायक स्तर की मुख्य परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और पारदर्शी आयोजन के लिए कार्यवाहक मुख्य सचिव श्री दीपक कुमार की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पुलिस महानिदेशक श्री राजीव कृष्णा सहित 21 जनपदों के जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। ये जनपद आगरा, अलीगढ़, अयोध्या, आजमगढ़, बरेली, गाजियाबाद, गोरखपुर, झांसी, कानपुर नगर, लखनऊ, मेरठ, मुरादाबाद, प्रयागराज, अम्बेडकर नगर, मथुरा, सहारनपुर, बिजनौर, गौतमबुद्ध नगर, बुलन्दशहर, वाराणसी व जौनपुर हैं। कार्यवाहक मुख्य सचिव दीपक कुमार ने बताया कि इस परीक्षा में कुल 2,43,981 अभ्यर्थी 541 परीक्षा केंद्रों पर हिस्सा लेंगे। उन्होंने परीक्षा की शुचिता बनाए रखने को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा में किसी भी प्रकार का समझौता न हो और यह पूर्णतया पारदर्शी तथा नकलमुक्त हो। उन्होंने स्टैटिक व सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र अधीक्षकों और सहयोगी कर्मियों की समय पर ब्रीफिंग सुनिश्चित करने और सभी परीक्षा केंद्रों पर पूर्व तैयारियों को एक दिन पहले पूरा कराने के निर्देश भी दिए। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता सुनिश्चित करने के साथ कंट्रोल रूम से परीक्षा प्रक्रिया की सतत निगरानी पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया। परीक्षा की गोपनीय सामग्री की निकासी के दौरान विशेष सतर्कता बरतने तथा इसे सीसीटीवी निगरानी में रखने के निर्देश भी बैठक में दिए गए। सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों पर परीक्षा से जुड़ी भ्रामक या अपुष्ट सूचनाओं पर कड़ी निगरानी रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। साथ ही, परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने और नकलरोधी एवं शांतिपूर्ण परीक्षा के लिए एलआईयू और एसटीएफ को सक्रिय रखने के निर्देश भी बैठक में शामिल थे। कार्यवाहक मुख्य सचिव ने कहा कि बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अन्य जिलों से भी परीक्षा देने आएंगे, इसलिए परिवहन, रेलवे और ट्रैफिक विभागों के समन्वय से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं ताकि अभ्यर्थियों को कोई असुविधा न हो। बैठक में यह भी बताया गया कि परीक्षा में अनाधिकृत व्यक्ति की रोकथाम हेतु सभी अभ्यर्थियों की बॉयोमेट्रिक कैप्चरिंग अनिवार्य की गई है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. एस. एन. साबत सहित शासन और आयोग के अन्य अधिकारीगण भी बैठक में उपस्थित रहे। इस प्रकार, शासन द्वारा परीक्षा के निष्पक्ष और पारदर्शी आयोजन के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि अभ्यर्थियों को न्यायपूर्ण अवसर मिल सके।