ऊंचाहार, रायबरेली। ऊंचाहार क्षेत्र में रेलवे क्रॉसिंग से लखनऊ की ओर बने ओवरब्रिज (आरओबी) की पश्चिम दिशा में ज्ञान बाबा पेट्रोल पंप से समर रोड लाइट तक की सर्विस रोड की बदहाल हालत को लेकर व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा है। व्यापार मंडल ने एनएचएआई (NHAI) पर आरओबी निर्माण में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए इसे मुख्यमंत्री के गड्ढामुक्त अभियान की खुली अनदेखी बताया है। व्यापार मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र मौर्य ने बताया कि यह समस्या पिछले 7-8 वर्षों से बनी हुई है। सर्विस रोड पूरी तरह क्षतिग्रस्त है और बारिश के मौसम में जलभराव की गंभीर स्थिति बन जाती है। ओवरब्रिज की ढलान से सारा पानी दुकानों और घरों के भीतर घुस जाता है, जिससे दुकानदारों के शौचालयों और बाथरूम में तीन फीट तक गंदा पानी भर जाता है। सिल्ट, बालू और मोरंग से भरे इस पानी की बदबू और गंदगी कई दिनों तक बनी रहती है। उन्होंने बताया कि व्यापारियों की आर्थिक स्थिति इतनी खराब हो गई है कि दुकान चलाना मुश्किल हो गया है। स्टाफ की सैलरी तो दूर, अपनी मेहनत और पेट्रोल का खर्च निकालना भी मुश्किल हो गया है। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि अगर शीघ्र ही सर्विस रोड और नाली निर्माण का कार्य शुरू नहीं हुआ तो बड़ा और उग्र आंदोलन किया जाएगा। शुक्रवार को व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं, जिस पर एसडीएम ने एनएचएआई अधिकारियों से वार्ता कर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया है। इसी सिलसिले में सोमवार को व्यापार मंडल के पदाधिकारी जिला स्तर पर एनएचएआई अधिकारियों से मिलेंगे। विरोध प्रदर्शन में महामंत्री राजू सोनी, मोहम्मद असलम, हरिशंकर साहू, एजाज अहमद, संतोष मौर्य, राजू विश्वकर्मा, संदीप मौर्य, हिमाचल मौर्य, मनोज गुप्ता समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। व्यापारियों का साफ कहना है कि अब सब्र की सीमा पार हो चुकी है, अब सिर्फ ठोस कार्रवाई चाहिए।
Home » मुख्य समाचार » आरओबी निर्माण में एनएचएआई पर भ्रष्टाचार का आरोप, बदहाल सर्विस रोड से आक्रोशित व्यापारी उतरे विरोध में
Jansaamna