फिरोजाबाद/शिकोहाबाद। शनिवार तड़के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब दिल्ली से जालौन जा रही एक प्राइवेट स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक में जा भिड़ी। हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा नगला खंगर थाना क्षेत्र अंतर्गत माइल स्टोन 68.300 के पास हुआ। हादसे का कारण बस चालक को आई झपकी बताया जा रहा है। बस फौजी ट्रेवल्स की थी और लगभग 50 यात्रियों को लेकर दिल्ली से कोच, जालौन जा रही थी। चालक राहुल के नियंत्रण खोने के कारण बस टाइल्स लदे ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस की परिचालक साइड पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीन यात्री सीट से गिरकर एक्सप्रेसवे पर जा गिरे। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों में एक की पहचान पप्पू पुत्र बिजेंद्र सिंह, निवासी जालौन के रूप में हुई है, जबकि दो अन्य की पहचान अभी नहीं हो सकी है। घायलों में अंशुल पुत्र कृष्ण बिहारी निवासी थाना कोच, जिला जालौन, उमा देवी पत्नी बृजेंद्र निवासी पश्चिम विहार दिल्ली और यशिका सिरोठिया पुत्री चंद्रोदय सिरोठिया निवासी स्टेशन रोड, तुलसी नगर, उरई शामिल हैं। अंशुल और उमा देवी को गंभीर हालत में पीजीआई सैफई रेफर किया गया है, जबकि यशिका को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। हादसे के बाद बस में अफरातफरी मच गई। यात्रियों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। मौके पर पहुंची नगला खंगर पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया और अन्य यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य की ओर रवाना किया। एक्सप्रेस वे सुरक्षा अधिकारी राजेंद्र प्रसाद पांडेय ने बताया कि क्षतिग्रस्त बस को मौके से हटाकर यातायात पुनः सुचारु करा दिया गया है। हादसे की जांच जारी है और मृतकों के परिजनों से संपर्क साधा जा रहा है।
Jansaamna