Friday, March 6, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » महापौर ने स्वयंसेवी संगठनों की महिलाओं संग किया वृक्षारोपण, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

महापौर ने स्वयंसेवी संगठनों की महिलाओं संग किया वृक्षारोपण, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

फिरोजाबाद। नगर के प्रमुख रामलीला चौराहा स्थित पारसनाथ मार्केट पार्क में शनिवार को महापौर कामिनी राठौर की अध्यक्षता में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्वयंसेवी संगठनों की महिलाओं ने सहभागिता करते हुए 200 से अधिक फूलों व छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। नगर निगम प्रशासन द्वारा शहर के प्रमुख पार्कों में हरियाली बढ़ाने के लिए पौधरोपण अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत मुख्य क्षेत्रों और वार्डों के आंतरिक हिस्सों में स्थित पार्कों के सौंदर्यीकरण और रखरखाव के लिए स्वयंसेवी संगठनों को जागरूक किया जा रहा है। कार्यक्रम में नगर निगम के उपसभापति विजय शर्मा, शुभ मंगलम सेवार्थ संस्थान की अध्यक्ष निशी शर्मा, जिला ब्राह्मण महासभा महिला मोर्चा की अध्यक्ष मिथलेश शर्मा, वरिष्ठ उद्यमी सिंगराज यादव, शशि यादव, पार्षद पूनम शर्मा, पार्षद रेखा यादव और पार्षद प्रतिनिधि मनोज ताऊ सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। महापौर कामिनी राठौर ने कहा कि यह पहल न केवल हरियाली को बढ़ावा देगी, बल्कि पर्यावरण के प्रति लोगों की जिम्मेदारी को भी उजागर करेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे पौधों की देखभाल को अपनी जिम्मेदारी मानें और अधिक से अधिक पौधरोपण में भाग लें।