फिरोजाबाद। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली बकाएदारों से वसूली में तेजी लाने के लिए जिलाधिकारी रमेश रंजन ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जसराना क्षेत्र में बकाया राजस्व की वसूली में 25 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी सुनिश्चित की जाए। डीएम ने यह निर्देश शनिवार को जसराना तहसील सभागार कक्ष में हुई विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान दिए। उन्होंने कहा कि दोनों उपखंड अधिकारी (एसडीओ) और अवर अभियंता ग्रामवार बैठकें करें और कम से कम 25 प्रतिशत उपभोक्ताओं से बकाया वसूली सुनिश्चित करें। वसूली के इस अभियान में संविदा कर्मियों, मीटर रीडरों, जन सुविधा केंद्रों और विद्युत सखियों का भी सहयोग लिया जाएगा। डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का शीघ्र और प्रभावी समाधान किया जाए। किसी भी विद्युत कर्मचारी द्वारा लापरवाही, दुर्व्यवहार या भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने पर उसके विरुद्ध कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जिले में विद्युत आपूर्ति रोस्टर के अनुसार होनी चाहिए और किसी उपभोक्ता को अनावश्यक बिजली कटौती का सामना न करना पड़े। बैठक में एडीएम न्यायिक संगीता गौतम, अधिशासी अभियंता राहुल सिंह, एसडीओ जसराना उपेंद्र यादव, एसडीओ फरिहा ब्रजेश कुमार समेत विद्युत विभाग के सभी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
Jansaamna