Saturday, April 25, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » 6300 फीट ऊंचाई पर नेचर स्टडी प्रशिक्षण पूर्ण कर जनपद का बढ़ाया मान

6300 फीट ऊंचाई पर नेचर स्टडी प्रशिक्षण पूर्ण कर जनपद का बढ़ाया मान

हाथरस। भारत स्काउट और गाइड उत्तर प्रदेश के प्रादेशिक प्रशिक्षण केंद्र शीतलाखेत, अल्मोड़ा में आयोजित पांच दिवसीय नेचर स्टडी कोर्स में हाथरस जनपद के स्काउट मास्टर डॉ. पुष्पेंद्र सिंह और गाइड कैप्टन डॉ. सतना ने भाग लिया। दोनों ने करीब 6300 फीट ऊंची पहाड़ियों पर सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता त्रिवेंद्र कुमार, प्रबंधक प्रादेशिक प्रशिक्षण केंद्र शीतलाखेत ने की, जबकि प्रशिक्षण का संचालन मोहित कुमार और अमित सैनी (सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त) द्वारा किया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने समुद्र तल से लगभग 6300 फीट ऊंचे स्वामी विवेकानंद ध्यान स्थल, स्याही देवी मंदिर और अल्मोड़ा की मध्य पहाड़ी शिखर तक चुनौतीपूर्ण पर्वतारोहण किया। इस प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को पर्वतीय क्षेत्रों में पाई जाने वाली औषधीय वनस्पतियों जैसे काफल, सिलफड़, बिच्छू घास, काला बांस, बाँझ, ब्रास, देवदार, चीड़, कीवी आदि की पहचान और उनके महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई। जनपद से बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल के स्काउट मास्टर रूपेश गौतम द्वारा प्रशिक्षित स्काउट गाइड भुवनेश प्रताप सिंह एवं सेजल गौतम ने भी यह कोर्स सफलतापूर्वक पूर्ण किया। प्रशिक्षण पूर्ण करने पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी स्वाती भारती, सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त अलीगढ़ मंडल कविता पांडे, जिला संगठन आयुक्त धीरेंद्र प्रताप सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी सासनी अखिलेश प्रताप सिंह सहित अनेक अधिकारियों ने सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।