Friday, March 6, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » कार सवार चोर घर का ताला काटकर खोल ले गए आठ बकरियां

कार सवार चोर घर का ताला काटकर खोल ले गए आठ बकरियां

ऊंचाहार, रायबरेली। कोतवाली ऊंचाहार क्षेत्र के एनटीपीसी चौकी अंतर्गत मनीरामपुर पुल के पास रविवार व सोमवार की दरम्यानी रात को चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। मामला कोतवाली क्षेत्र ऊंचाहार के सलोन रोड़ पर एनटीपीसी चौकी के अंतर्गत आने वाले मनीरामपुर पुल के पास का है और घटना रविवार व सोमवार की मध्य रात्रि की है। ग्राम निरंजनपुर मजरे खुर्रमपुर निवासी चौबे राम (करीब 75 वर्ष) मुख्य सड़क पर अपने खेत के नजदीक घर बनाकर दशकों से रहते हैं, बीती रात को करीब दो बजे बारिश और कड़कती बिजली का फायदा उठाकर कार सवार अज्ञात चोरों ने उसके घर के अंदर बंधी बकरियों को दरवाजे का ताला काटकर खोल ले गए। पीड़ित ने बताया कि वह दरवाजे पर छप्पर के नीचे सो रहा था, परन्तु बारिश और कड़कती बिजली और तेज रफ्तार डंफर की आवाज में उसे शोरगुल समझ नहीं आया। इस कारण जब तक वह कुछ समझ पाता और घर के अंदर अपने बच्चों को आवाज लगाता तब तक चोर कार में बकरियां लादकर फरार हो गए। डरे सहमे वृद्ध पीड़ित के पुत्र बबलू वर्मा ने सुबह डॉयल 112 को फोन करके घटना की जानकारी दी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि मवेशी के चोरी हो जाने से वृद्ध चौबे राम की सारी पूंजी खत्म हो गई और उसका जीवन यापन मुश्किल है।
इस घटना ने पुलिस की रात्रि गश्त की सच्चाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस स्थान पर यह चोरी हुई, वह मनीरामपुर पुल पर स्थित पुलिस चेक पोस्ट से महज कुछ कदमों की दूरी पर है। इसके बावजूद चोरों ने बेखौफ होकर घटना को अंजाम दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में रात्रि गश्त नाम मात्र की हो रही है और चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं।