शिकोहाबाद। उत्तर प्रदेश सीनियर बेसिक शिक्षक संघ की वार्षिक बैठक लखनऊ स्थित रॉयल होटल (विधायक निवास) में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष संतोष कुमार पांडे ने की। इस दौरान संघ की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया और सभी नव-नियुक्त पदाधिकारियों का फूल माला पहनाकर स्वागत किया गया। बैठक में सबसे पहले सेवा निवृत्त हो रहे प्रदेश महामंत्री नंद प्रकाश, उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह गौर तथा कोषाध्यक्ष चूड़ा मणि त्रिपाठी ने अपने-अपने पदों से इस्तीफा दिया। इसके बाद सर्वसम्मति से अशोक कुमार पाल को प्रदेश महामंत्री, नीरज कुमार शर्मा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष और डॉ. सहदेव सिंह चौहान को प्रदेश कोषाध्यक्ष पद पर मनोनीत किया गया। इसके अतिरिक्त गोंडा के जिलाध्यक्ष सुशील सिंह पारस और कानपुर देहात के अवधेश सविता को प्रदेश उपाध्यक्ष, बस्ती के ज्ञानेन्द्र भारती तथा फतेहपुर के कुंवर सिंह को प्रदेश संगठन मंत्री और बाराबंकी के जिलाध्यक्ष सत्येन्द्र कुमार सिंह को लेखापरीक्षक पद पर नियुक्त किया गया। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि शेष कार्यकारिणी पूर्ववत बनी रहेगी। सभी नव-निर्वाचित पदाधिकारियों ने आश्वस्त किया कि वे पूरी तन्मयता, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों, विद्यालयों और बच्चों के हित में कार्य करेंगे तथा शासन स्तर पर लंबित समस्याओं का समाधान कराने का हरसंभव प्रयास करेंगे। इस अवसर पर उपस्थित सभी प्रतिनिधियों ने एक स्वर में कार्यकारिणी पर अपनी सहमति व्यक्त की। कार्यक्रम के अंत में सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को माला पहनाकर एवं मिष्ठान वितरण कर शुभकामनाएं दी गईं। डॉ. सहदेव सिंह चौहान के प्रदेश कोषाध्यक्ष बनाए जाने पर शिकोहाबाद क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। इस उपलब्धि पर जिला अध्यक्ष करतार सिंह, विमल यादव, अनिल कुमार बघेल, अमरदीप शर्मा, भगवान दास शंखवार, प्रवेंद्र यादव, डॉ. राघवेंद्र सिंह यादव, धर्मेंद्र कुमार कृष्णज, चंदन यादव, विकास यादव, डॉ. वीएन सिंह, आनंद बाबू, चेतन दीक्षित, विवेक अग्रवाल, सतीश देशमुख, दिनेश चंद्र, दीपक तेनगुरिया सहित अनेक साथियों ने उन्हें बधाई दी। डॉ. चौहान ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए संगठन के प्रति अपनी निष्ठा दोहराई।
Jansaamna