हाथरस। गांव गदाई में जमीन की पैमाइश के दौरान राजस्व विभाग की टीम और पुलिस के साथ ग्रामीणों की तीखी झड़प हो गई। इस दौरान मौके पर मौजूद एक युवक और उसकी बहन ने डीजल छिड़ककर माहौल को और तनावपूर्ण बना दिया। झड़प के दौरान आरोपियों ने थानाध्यक्ष की नेम प्लेट भी तोड़ दी। पुलिस ने सात नामजद आरोपियों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया है। जानकारी के अनुसार, राजस्व विभाग की टीम गांव गदाई में अनिल कुमार की जमीन की पैमाइश कर रही थी। इसी दौरान ग्रामीणों में से जगदीश उर्फ सोना, छोटू, सुधा, सपना पत्नी पवन, हीरालाल, सपना पुत्री सोना और कालू मौके पर पहुंच गए और नाप-तौल कार्य में बाधा डालने लगे। पुलिस ने समझाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी नहीं माने। स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब जगदीश उर्फ सोना ने प्लास्टिक की बोतल में लाया डीजल खुद पर और अपनी बहन सुधा पर छिड़क दिया। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई और भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंची थानाध्यक्ष ममता सिंह ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि सपना पत्नी पवन और सोना जाट ने उनकी नेम प्लेट तोड़ दी। माहौल अधिक बिगड़ता देख पुलिस और राजस्व टीम को वापस लौटना पड़ा। घटना के संबंध में मुरसान थाने के उपनिरीक्षक हरिओम अग्निहोत्री की ओर से सात लोगों के खिलाफ नामजद अभियोग पंजीकृत किया गया है। पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपियों की हरकतें स्पष्ट रूप से देखी जा सकती हैं। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
Home » मुख्य समाचार » जमीन की पैमाइश के दौरान पुलिस से झड़प, थानाध्यक्ष की नेम प्लेट तोड़ी, डीजल छिड़ककर किया हंगामा
Jansaamna