Friday, March 6, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » दिल्ली में ट्रैफिक पुलिस और फील्ड कर्मचारियों को मिले ‘कूल वेस्ट जैकेट’

दिल्ली में ट्रैफिक पुलिस और फील्ड कर्मचारियों को मिले ‘कूल वेस्ट जैकेट’

नई दिल्ली। दिल्ली में गर्मी से राहत देने के लिए शुक्रवार को एक पायलट परियोजना शुरू की गई, जिसके तहत ट्रैफिक पुलिस और पीडब्ल्यूडी के फील्ड कर्मचारियों को ‘कूल वेस्ट जैकेट’ वितरित किए गए। यह पहल दिल्ली सरकार के पीडब्ल्यूडी मंत्री परवेश साहिब सिंह द्वारा शुरू की गई है और इसका उद्देश्य गर्मी के मौसम में खुले में काम करने वाले कर्मचारियों को सुरक्षित रखना है। यह योजना दिल्ली हीट एक्शन प्लान के तहत शुरू की गई है। कूल वेस्ट जैकेट में 10,000 mAh बैटरी से चलने वाली डुअल फैन यूनिट (5V) लगी होती है, जो तुरंत ठंडक देती है। इसमें आइस कॉलर तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जो शरीर की सतह का तापमान 15 डिग्री तक कम कर सकती है। यह जैकेट हल्की होती है और पानी व घर्षण-प्रतिरोधी कपड़े से बनी होती है। इसका डिजाइन यूनिसेक्स है और लंबे समय तक इस्तेमाल किया जा सकता है। मंत्री परवेश वर्मा ने कहा कि खुले आसमान के नीचे खड़े रहने वाले कर्मचारी ही शहर की असली रीढ़ हैं और कूल वेस्ट जैकेट उनके प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। यह पहल भविष्य में शहर के अन्य क्षेत्रों में भी लागू की जा सकती है। -Pic & story by Kamal Nain Narang