Saturday, April 25, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » श्रावण मास में कांवड़ यात्रियों की सुविधा हेतु डीएम-एसपी ने कांवड़ कैंपों का किया निरीक्षण

श्रावण मास में कांवड़ यात्रियों की सुविधा हेतु डीएम-एसपी ने कांवड़ कैंपों का किया निरीक्षण

हाथरस। श्रावण मास के दौरान कांवड़ यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने हाथरस-अलीगढ़ मार्ग पर स्थित हतीसा बाईपास से अलीगढ़ सीमा तक प्रशासन द्वारा स्थापित विभिन्न कांवड़ कैंपों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने हतीसा बाईपास, हाथरस बाईपास, सासनी, ग्राम पंचायत महमूदपुर, विजाहरी, समामाई रुहल और मंगलायतन में लगाए गए कैंपों का जायज़ा लिया। उन्होंने कैंपों में तैनात कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्य निष्पादन को लेकर सख्त निर्देश दिए कि सभी कर्मचारी समय से ड्यूटी पर उपस्थित रहें और अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक पालन करें। जिलाधिकारी ने पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती, यातायात रूट डायवर्जन की स्पष्ट व्यवस्था तथा कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही एनएचएआई के प्रभारी अधिकारी को आदेश दिया गया कि मार्गों पर रिफ्लेक्टर युक्त स्टिक लगवाई जाएं ताकि यात्रियों और वाहनों के लिए लेन स्पष्ट रहे और दुर्घटनाओं से बचाव हो सके। सासनी क्षेत्र में वर्षा के कारण उत्पन्न जलभराव की समस्या पर भी जिलाधिकारी ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए एनएचएआई, उप जिलाधिकारी सासनी, नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी और खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि आपसी समन्वय से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व), जिला विकास अधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी (सदर/सासनी), क्षेत्राधिकारीगण, खंड विकास अधिकारी, एनएचएआई प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।