रायबरेली। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका), रायबरेली में जुलाई माह के दौरान महाप्रबंधक प्रशान्त कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने हेतु “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण किया गया। अधिकारियों, कर्मचारियों और महिला सदस्यों ने मिलकर इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई, जिससे आरेडिका ने एक जिम्मेदार संस्था होने का संदेश दिया। आरेडिका के प्रधान वित्त सलाहकार एवं खेलकूद संघ के अध्यक्ष बी.एल. मीना ने स्पोर्ट्स ग्राउंड में वृक्षारोपण किया। आरपीएफ द्वारा बैरक ग्राउंड और उसके आसपास के क्षेत्रों में पौधे लगाए गए, जबकि अभियांत्रिकी विभाग ने नव-निर्मित तालाबों और सड़कों के किनारों पर वृक्षारोपण किया। महिला कल्याण संगठन की सदस्यों ने ऑफिसर कॉलोनी में पौधे लगाए। आरेडिका के प्रधान मुख्य अभियंता सत्य प्रकाश यादव ने जानकारी दी कि पीपल, नीम, आम, जामुन, अमलताश, गुलमोहर, कचनार, पाकड़ और करंज जैसे 14,000 पौधों और एक लाख बीजों का रोपण पिछले 15 दिनों में किया गया है। यह अभियान पूरे जुलाई माह तक जारी रहेगा और कुल 25,000 पौधों तथा 2.75 लाख बीजों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। महाप्रबंधक प्रशान्त कुमार मिश्रा ने कर्मचारियों और यूनियनों के प्रतिनिधियों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि जो विभाग, यूनियन या कर्मचारी अपने क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने में विशेष योगदान देगा, उसे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर बी.एल. मीना, सत्य प्रकाश यादव, प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त रमेश चंद्र सहित अन्य अधिकारी, आरपीएफ के जवान और कर्मचारी वृक्षारोपण कार्यक्रम में उपस्थित रहे और सक्रिय सहभागिता निभाई।
Jansaamna