Saturday, March 7, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » आरेडिका में स्वास्थ्य परीक्षण कैम्प का आयोजन

आरेडिका में स्वास्थ्य परीक्षण कैम्प का आयोजन

रायबरेली। आधुनिक रेल डिब्बा कारख़ाना (आरेडिका), रायबरेली के चिकित्सालय में 11 जुलाई, शुक्रवार को स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर आरेडिका चिकित्सालय के चिकित्साधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग से आयोजित हुआ, जिसमें मैक्स अस्पताल लखनऊ से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों ने भाग लिया। स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में डॉ. विशाल श्रीवास्तव (कार्डियोलॉजिस्ट), डॉ. फराह अरशद (एंडोक्राइन एवं ब्रेस्ट सर्जन), डॉ. संतोष कुमार (मूत्र रोग विशेषज्ञ) एवं डॉ. सतेंद्र (फिजिशियन) ने कुल 118 मरीजों की जांच की। इनमें से 40 महिला मरीजों का विशेष रूप से एंडोक्राइन विशेषज्ञ द्वारा ब्रेस्ट और अन्य शारीरिक परीक्षण किया गया। इस अवसर पर प्रधान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आभा जैन ने विशिष्ट अतिथि चिकित्सकों को पौधा भेंट कर सम्मानित किया। शिविर के साथ-साथ प्रातः 11 बजे आरेडिका चिकित्सालय के प्रशासनिक भवन में मैक्स अस्पताल की डॉ. फराह अरशद ने ब्रेस्ट कैंसर पर जागरूकता सत्र लिया। उन्होंने बताया कि यदि प्रारंभिक अवस्था में कैंसर का पता चल जाए तो उसका इलाज संभव है। उन्होंने महिलाओं को नियमित स्वयं परीक्षण करने और किसी भी असामान्य लक्षण को नज़रअंदाज़ न करने की सलाह दी। इसी क्रम में डॉ. आकांक्षा श्रीवास्तव (डेंटल सर्जन) ने ओरल कैंसर के विषय में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तंबाकू, गुटखा और धूम्रपान जैसी आदतें मुख कैंसर के प्रमुख कारण हैं। उन्होंने बताया कि समय रहते लक्षणों की पहचान कर लेने से इलाज की सफलता की संभावना बढ़ जाती है। दोनों विशेषज्ञों ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से कैंसर के लक्षण, कारण, बचाव और उपचार की प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाया। इस कार्यक्रम में आरेडिका महिला कल्याण संगठन की सदस्याओं, महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। आरेडिका के महाप्रबंधक प्रशान्त कुमार मिश्रा ने कहा कि यह आयोजन निस्संदेह आरेडिका परिवार के लिए एक प्रेरणादायक और जागरूकतापूर्ण कदम है, जो भविष्य में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति सजगता बढ़ाने में सहायक होगा। इस संबंध में जानकारी आर. एन. तिवारी, मुख्य जन संपर्क अधिकारी, आरेडिका द्वारा दी गई।