फिरोजाबाद। जायंट्स ग्रुप ऑफ फिरोजाबाद महिला शक्ति द्वारा टीबी रोगियों के स्वास्थ्य संवर्धन की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई। संस्था ने फिरोजाबाद क्लब में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 50 टीबी रोगियों को पुष्टाहार के किट वितरित किए। संस्था की अध्यक्ष प्राची अग्रवाल ने बताया कि यह कदम राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन लक्ष्य को सशक्त बनाने की दिशा में एक योगदान है। उन्होंने कहा कि ग्रुप न केवल पुष्टाहार वितरण तक सीमित रहेगा, बल्कि इन रोगियों के उपचार में निरंतर सहायता भी प्रदान करता रहेगा, ताकि वे शीघ्र स्वस्थ हो सकें। प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर कल्पना राजोरिया ने उपस्थित मरीजों को नियमित दवा सेवन, प्रोटीन युक्त आहार लेने और बाहर निकलते समय मास्क पहनने जैसी जरूरी सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उचित देखभाल और जागरूकता से टीबी जैसी बीमारी को हराया जा सकता है। प्रशासनिक निर्देशिका रीना गर्ग और वित्त निर्देशिका दीपा अग्रवाल ने बताया कि वितरित पुष्टाहार किट में काला चना, मूँगफली, सोयाबीन बड़ी, दलिया, सत्तू, गुड़ और प्रोटीन युक्त अनाज शामिल हैं, जो मरीजों की प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में सहायक होंगे। इस अवसर पर प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर सौम्या चौहान, पूर्व अध्यक्ष बीना चौहान, रेनू अरोरा, मंजु सिंह, रेखा यादव, वर्तिका जैन, पूनम गुप्ता, मोनिका गर्ग और गोरी बंसल सहित कई सदस्य उपस्थित रहीं। संस्था ने आगे भी ऐसे सेवा कार्यों को जारी रखने का संकल्प लिया।
Jansaamna