Thursday, June 18, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » मोहर्रम को लेकर पुलिस का फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

मोहर्रम को लेकर पुलिस का फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

अनुपम दुबे: कानपुर देहात। आगामी मोहर्रम पर्व के दृष्टिगत जनपद में शांति, सौहार्द एवं सुदृढ़ कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं भारी पुलिस बल के साथ अकबरपुर-रूरा रोड पर पैदल गश्त (फ्लैग मार्च) कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधीक्षक ने मार्ग पर किए गए सुरक्षा प्रबंधों का निरीक्षण किया तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को संवेदनशीलता एवं सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

गश्त के दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय व्यापारियों, संभ्रांत नागरिकों एवं आमजन से संवाद स्थापित कर मोहर्रम पर्व को शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन त्योहार के दौरान हर परिस्थिति पर नजर बनाए हुए है। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सोशल मीडिया पर भ्रामक और भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने वालों तथा शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वाले अराजक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और उनके विरुद्ध त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इस अवसर पर नए भर्ती आरक्षियों को भी विशेष ब्रीफिंग दी गई। उन्हें भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने तथा आमजन के साथ शालीन एवं मर्यादित व्यवहार करते हुए मुस्तैदी से ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी शरारती तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का उद्देश्य नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि सभी लोग बिना किसी भय के सौहार्दपूर्वक त्योहार मना सकें। फ्लैग मार्च के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, समस्त राजपत्रित अधिकारी, संबंधित थाना प्रभारी, महिला पुलिसकर्मी एवं भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।