फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को दोपहर करीब 12 बजे कांच नगरी फिरोजाबाद पहुंचे, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने जनपद को 658 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 81 विकास परियोजनाओं की सौगात देते हुए उनका लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री की इस घोषणा से जनपद के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने टूण्डला तहसील के ग्राम पंचायत उसायनी में आयोजित भव्य समारोह में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के लाभार्थियों को उनके नए घरों की चाबियां सौंपीं, जिससे लाभार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, चेक और उपकरण भी वितरित किए। कार्यक्रम के दौरान शिकोहाबाद विधानसभा क्षेत्र में 139 करोड़ रुपये की लागत से 19 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 67 करोड़ रुपये की लागत से 22 परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। वहीं टूण्डला विधानसभा क्षेत्र में 94 करोड़ रुपये की लागत से 14 परियोजनाओं का लोकार्पण और 358 करोड़ रुपये की लागत से 26 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश आज माफिया, गुंडों और उपद्रवियों से मुक्त हो चुका है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 15 करोड़ गरीबों को निःशुल्क राशन, 10 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवच, 65 लाख गरीबों को आवास तथा दो करोड़ परिवारों को मुफ्त रसोई गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा 15 से 16 लाख किसानों के निजी नलकूपों के बिजली बिल भी पूरी तरह माफ किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने फिरोजाबाद के कांच उद्योग की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि यहां के कारीगरों और उद्यमियों ने नई तकनीक और बाजार की मांग के अनुरूप उत्पाद तैयार कर चीन जैसे देशों को भी पीछे छोड़ दिया है। उनके प्रयासों से फिरोजाबाद के उत्पाद ‘लोकल से ग्लोबल’ की यात्रा सफलतापूर्वक तय कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब होली, दीपावली, विजयदशमी सहित विभिन्न त्योहारों पर चीनी उत्पादों के स्थान पर फिरोजाबाद में निर्मित भगवान गणेश, राम दरबार, राधा-कृष्ण, बुद्ध और भगवान शिव की कांच की प्रतिमाएं लोगों की पहली पसंद बन रही हैं और वैश्विक स्तर पर पहचान हासिल कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने जनपद में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की भव्य प्रतिमा स्थापित होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सनातन धर्म के पुनरोद्धार में उनका योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने बताया कि सरकार ने औरैया मेडिकल कॉलेज का नामकरण भी लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर किया है। इस अवसर पर सदर विधायक मनीष असीजा, टूण्डला विधायक प्रेमपाल धनगर, मेयर कामिनी राठौर, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष हर्षिता सुमित प्रताप सिंह, विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे सहित अनेक जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Jansaamna