Wednesday, June 24, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » योग महोत्सव के समापन पर स्वस्थ जीवन और संस्कारित समाज निर्माण का लिया संकल्प

योग महोत्सव के समापन पर स्वस्थ जीवन और संस्कारित समाज निर्माण का लिया संकल्प

रायबरेली। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मातृभूमि सेवा मिशन आध्यात्मिक सेवा संस्थान इकाई रायबरेली द्वारा आयोजित पांच दिवसीय योग महोत्सव का सोमवार को भव्य एवं गरिमामय वातावरण में समापन हुआ। योग, संस्कार और सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस महोत्सव में बड़ी संख्या में योग साधकों, महिलाओं, बच्चों, युवाओं और गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता करते हुए स्वस्थ जीवन और सकारात्मक समाज निर्माण का संकल्प लिया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सिविल जज स्वप्निल पांडेय, विशिष्ट अतिथि के रूप में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय रायबरेली के प्राचार्य एस.के. श्रीवास्तव तथा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में राइजिंग चाइल्ड स्कूल के प्रबंधक एडवोकेट अरविंद श्रीवास्तव उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मातृभूमि सेवा मिशन के वरिष्ठ सलाहकार एवं शिक्षाविद् डॉ. संतलाल, योग साधिका सीमा सिंह और मंडल अध्यक्ष भगवत प्रताप सिंह ने किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ योग साधना एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच हुआ। वरिष्ठ योग गुरु डॉ. रवि प्रताप सिंह एवं योग प्रशिक्षक प्रकाश नारायण पाठक ने साधकों को सूर्य नमस्कार, विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया। योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का संदेश दिया गया। मुख्य अतिथि स्वप्निल पांडेय ने कहा कि योग भारतीय ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का मार्ग प्रशस्त करता है। योग को जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है। वहीं प्राचार्य एस.के. श्रीवास्तव ने कहा कि योग विद्यार्थियों और युवाओं के सर्वांगीण विकास का प्रभावी माध्यम है, जिससे एकाग्रता, अनुशासन और सकारात्मक सोच का विकास होता है।

एडवोकेट अरविंद श्रीवास्तव ने कहा कि मातृभूमि सेवा मिशन का यह आयोजन सेवा, संस्कार और आध्यात्मिक जागरण का उत्कृष्ट उदाहरण है। योग गुरु डॉ. रवि प्रताप सिंह ने नियमित योगाभ्यास को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक बताया। समारोह के दौरान मातृभूमि सेवा मिशन इकाई रायबरेली ने 155 से अधिक योग साधकों और 50 से अधिक अतिथियों को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। विशेष रूप से जिले के वरिष्ठ योग प्रशिक्षकों को एक मंच पर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में प्रकाश नारायण पाठक, डॉ. रवि प्रताप सिंह, डॉ. विश्राम यादव, बृजमोहन, राम सजीवन यादव, राम शरण सिंह, राजेंद्र त्रिपाठी, अनूप शर्मा, राज अग्रहरि और दिनेश पांडेय सहित कई योग प्रशिक्षक शामिल रहे।

कार्यक्रम में मातृभूमि सेवा मिशन इकाई रायबरेली के जिला अध्यक्ष रामराज गिरी, वरिष्ठ संरक्षक महेंद्र अग्रवाल, अजय मिश्रा, प्रो. डॉ. संजय सिंह, संयोजक प्रदीप पांडेय, सहसंयोजक रामानुज मिश्रा, महामंत्री देवेंद्र नाथ मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों को भी सम्मानित किया गया। योग महोत्सव में महिला योग साधिकाओं और बच्चों की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। आराध्या, शिवांशी, सृष्टि, सीमा, रश्मि पांडेय, सुमन यादव सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। समापन अवसर पर मातृभूमि सेवा मिशन इकाई रायबरेली ने संकल्प लिया कि योग, सेवा और संस्कार के इस अभियान को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि स्वस्थ, संस्कारित और आध्यात्मिक समाज निर्माण के लक्ष्य को साकार किया जा सके। संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि योग महोत्सव ने रायबरेली में स्वास्थ्य जागरूकता, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक समरसता का नया संदेश दिया है।