Wednesday, June 24, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » आरेडिका में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स का जिला स्तरीय योग शिविर संपन्न

आरेडिका में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स का जिला स्तरीय योग शिविर संपन्न

रायबरेली। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, उत्तर रेलवे, आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका) रायबरेली जिला संघ द्वारा आयोजित पांच दिवसीय जिला स्तरीय योग शिविर का सफलतापूर्वक समापन हो गया। 19 जून से 23 जून, 2026 तक जिला प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित इस शिविर में 46 स्काउट्स एवं गाइड्स ने भाग लिया। शिविर का उद्घाटन प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी रूपेश श्रीवास्तव ने योग जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर किया। रैली के माध्यम से प्रतिभागियों ने योग, स्वास्थ्य और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जन-जागरूकता का संदेश दिया।

पांच दिनों तक चले शिविर में प्रतिदिन योग एवं ध्यान सत्र आयोजित किए गए। इसके अलावा योग नृत्य प्रतियोगिता, योग जागरूकता पर नुक्कड़ नाटक, चित्रकला प्रतियोगिता, स्लोगन लेखन, निबंध लेखन, योग प्रश्नोत्तरी, “खेल-खेल में योग” गतिविधि, योग जागरूकता रैली तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। 21 जून को आयोजित कार्यक्रमों में प्रधान मुख्य चिकित्सा अधिकारी आभा जैन भी उपस्थित रहीं। 22 जून को आयोजित कैम्प फायर कार्यक्रम में स्काउट्स एवं गाइड्स ने देशभक्ति, सामाजिक जागरूकता और सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। पुरस्कार वितरण समारोह में उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर एन.के. वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। शिविर का संचालन जिला संगठन आयुक्त (गाइड) शबीना बानो के नेतृत्व में किया गया। उन्हें जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) दीपक कुमार, रोशन कुमार वर्मा, मनीष कुमार, आदित्य प्रकाश, सोनी कुमारी, आकाश कुमार, योग प्रशिक्षक विश्वेश्वर तथा पल्लवी गुप्ता का सहयोग प्राप्त हुआ। समापन अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि योग शिविर केवल शारीरिक व्यायाम तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा देता है। ऐसे शिविर युवाओं में स्वास्थ्य जागरूकता, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और टीम भावना के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। आयोजकों ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों, स्वयंसेवकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए शिविर को सफल एवं प्रेरणादायी बताया। आयोजन की जानकारी जनसंपर्क अधिकारी अनिल कुमार श्रीवास्तव ने दी।