हाथरस। जनपद में सार्वजनिक सुरक्षा और अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने विभिन्न पुस्तकालयों एवं कोचिंग संस्थानों का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों और भवन उपविधियों के उल्लंघन पाए जाने पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए तीन लाइब्रेरी को तत्काल बंद करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने प्रोग्रेस पॉइंट लाइब्रेरी, भारद्वाज लाइब्रेरी तथा प्रेमहरि लाइब्रेरी का स्थलीय निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि तीनों लाइब्रेरी भवनों के बेसमेंट में संचालित की जा रही थीं। इस पर उन्होंने संचालकों से भवन मानचित्र, अग्निशमन विभाग का अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) तथा विद्युत सुरक्षा संबंधी अभिलेखों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासनादेश के अनुसार बेसमेंट में किसी भी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधि संचालित नहीं की जा सकती। उन्होंने संबंधित संचालकों को तत्काल लाइब्रेरी बंद करने तथा छात्र-छात्राओं से प्राप्त फीस वापस करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भवन मानचित्र में बेसमेंट सामान्यतः पार्किंग, स्टोर अथवा शौचालय जैसी सुविधाओं के लिए स्वीकृत होता है। यदि किसी भी बेसमेंट में स्वीकृत उपयोग के अतिरिक्त गतिविधियां संचालित पाई जाती हैं या सुरक्षा मानकों का उल्लंघन होता है तो संबंधित संचालकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि जिन प्रतिष्ठानों को पूर्व में नोटिस जारी किए जा चुके हैं, यदि वे निर्धारित समयावधि में कमियों को दूर नहीं करते हैं तो उनके विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाए। प्रशासन ने सभी संस्थान संचालकों से अग्नि सुरक्षा, आपातकालीन निकास, पार्किंग व्यवस्था एवं अन्य निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने की अपील की है। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), उपजिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी पुलिस तथा अग्निशमन विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
Jansaamna