फिरोजाबाद। फिरोजाबाद उद्योग व्यापार मंडल महानगर के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को नगर निगम कार्यालय पहुंचकर नगर आयुक्त प्रशांत नागर को विभिन्न जनहित और भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों को लेकर ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने कई विकास कार्यों में अनियमितताओं की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा शहर की मूलभूत समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। महानगर अध्यक्ष अम्बेश शर्मा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में वार्ड संख्या-49 स्थित हनुमान रोड पर लगभग 49 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित विकास कार्य में कथित अनियमितताओं की जांच कर प्रस्तावक एवं एस्टीमेट तैयार करने वाले अधिकारियों के खिलाफ विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। इसके साथ ही इसी वार्ड में लगभग 25 लाख रुपये की पाइपलाइन योजना में सामने आई अनियमितताओं की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक कर दोषी अधिकारियों और प्रस्तावकों पर कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग भी उठाई गई।
व्यापार मंडल ने आरोप लगाया कि वार्ड संख्या-49 स्थित टुंडामल का बाग क्षेत्र में स्थानीय लोगों द्वारा आपसी सहयोग से निर्मित मजबूत सीमेंट-कंक्रीट सड़क को निजी लाभ के उद्देश्य से तुड़वाकर पुनर्निर्माण कराया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। ज्ञापन में कोटला चुंगी पुल के नीचे नगर निगम द्वारा निर्मित ऑटो स्टैंड का शीघ्र शुभारंभ कर उसे व्यवस्थित रूप से संचालित कराने, चौराहे पर लगने वाले जाम से राहत दिलाने, वार्ड संख्या-5 के संतोष नगर स्थित ठाकुर आटा चक्की वाली गली के निर्माण तथा हनुमानगंज गली नंबर-4 में पैचवर्क कर सड़क को गड्ढामुक्त कराने की मांग भी शामिल रही।
व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर जनहित एवं व्यापारियों से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो व्यापार मंडल चरणबद्ध आंदोलन, धरना-प्रदर्शन और पदयात्रा शुरू करेगा, जिसकी जिम्मेदारी नगर निगम और प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपने वालों में प्रांतीय मंत्री नरेश पंजाबी, रमाशंकर दादा, स्वतंत्र गुप्ता, सुशील जाट, रजनीश शर्मा, मुन्नालाल गोला, सुबोध बघेल, दिलीप दीक्षित, विवेक कौशल, आकाश जैन, रामगोपाल बजाज, मूलचंद राठौर, मेघ सिंह पहलवान, संजय शर्मा, विकास जैन, मुकेश शर्मा, राधेश्याम, रेनू कुशवाह, पारुल गुप्ता, श्यामवीर सिंह, हर्षवर्धन, आलोक यादव, अमरीश गुप्ता, अनिल गुप्ता अमीना सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
Jansaamna