Wednesday, June 24, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » लखनऊ अग्निकांड के बाद प्रशासन अलर्ट, कोचिंग सेंटरों पर कार्रवाई

लखनऊ अग्निकांड के बाद प्रशासन अलर्ट, कोचिंग सेंटरों पर कार्रवाई

फिरोजाबाद। लखनऊ में हाल ही में हुए अग्निकांड के बाद जिला प्रशासन ने जनसुरक्षा को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। जिलेभर में फायर सेफ्टी मानकों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मंगलवार को प्रशासनिक और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के कोचिंग सेंटरों, लाइब्रेरी और कंप्यूटर संस्थानों का निरीक्षण किया। वहीं जिला अस्पताल परिसर के विभिन्न भवनों में भी सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। सिटी मजिस्ट्रेट विनोद पांडेय, सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह और मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) सत्येंद्र पांडेय के नेतृत्व में टीम ने स्टेशन रोड स्थित झा क्लासेज और आरके लाइब्रेरी समेत अन्य संस्थानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अग्नि सुरक्षा मानकों में गंभीर खामियां मिलने पर दो कोचिंग सेंटरों को सीज कर दिया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने फायर सेफ्टी उपकरणों की उपलब्धता, आपातकालीन निकास मार्ग, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था तथा भवनों की संरचनात्मक स्थिति की जांच की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से शहर के शिक्षण संस्थानों में हड़कंप की स्थिति रही। अधिकारियों ने सभी संस्थानों को निर्धारित फायर सेफ्टी मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।