Sunday, July 26, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » एम्स रायबरेली ने जिला कारागार में लगाया हेपेटाइटिस-बी जांच एवं जागरूकता शिविर

एम्स रायबरेली ने जिला कारागार में लगाया हेपेटाइटिस-बी जांच एवं जागरूकता शिविर

➤ करीब 150 बंदियों के रक्त नमूने लेकर की गई स्क्रीनिंग

रायबरेली। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रायबरेली के सामुदायिक चिकित्सा एवं जनस्वास्थ्य विभाग तथा माइक्रोबायोलॉजी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिला कारागार में हेपेटाइटिस-बी स्क्रीनिंग एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बंदियों को संक्रमण से बचाव, समय पर जांच और टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का आयोजन कार्यकारी निदेशक प्रो. (डॉ.) अमिता जैन के मार्गदर्शन एवं सामुदायिक चिकित्सा एवं जनस्वास्थ्य विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) भोला नाथ के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान जिला कारागार के अधीक्षक, जेलर समेत कारागार प्रशासन के अधिकारी तथा एम्स की ओर से एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सौरभ पॉल, डॉ. शेफाली गुप्ता, रेजिडेंट चिकित्सक एवं इंटर्न्स उपस्थित रहे।

प्रो. (डॉ.) भोला नाथ ने बंदियों को संबोधित करते हुए हेपेटाइटिस-बी एवं हेपेटाइटिस-सी संक्रमण के कारणों, बचाव के उपायों, समय पर जांच, टीकाकरण तथा सुरक्षित व्यवहार अपनाने के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जागरूकता, समय पर जांच और प्रभावी रोकथाम के माध्यम से इन संक्रमणों को नियंत्रित किया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान सामुदायिक चिकित्सा एवं जनस्वास्थ्य विभाग के इंटर्न्स ने हेपेटाइटिस-बी से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने और संक्रमण की रोकथाम का संदेश देने के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया, जिसे बंदियों और अधिकारियों ने सराहा। शिविर में माइक्रोबायोलॉजी विभाग की टीम ने करीब 150 बंदियों के रक्त नमूने हेपेटाइटिस-बी जांच के लिए एकत्र किए। जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यकतानुसार संबंधित बंदियों को चिकित्सीय परामर्श और आगे की स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।