Sunday, September 13, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » देव शयनी एकादशी पर गंगा तट पर गूंजा जयघोष, हुई भव्य आरती

देव शयनी एकादशी पर गंगा तट पर गूंजा जयघोष, हुई भव्य आरती

ऊंचाहार, रायबरेली। देव शयनी एकादशी के पावन अवसर पर शनिवार शाम क्षेत्र के गोकना गंगा तट पर विशेष धार्मिक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रांतीय मंत्री अभिलाष कौशल ने किया। इस दौरान मां गंगा की भव्य आरती का आयोजन हुआ। गंगा घाट को दीपों और फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। पूजा-अर्चना के बाद पुरोहित जितेंद्र द्विवेदी के मंत्रोच्चार के बीच मां गंगा की आरती शुरू हुई। आरती में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। ढोल-नगाड़ों और शंखनाद से पूरा घाट भक्तिमय माहौल में गूंज उठा।

धार्मिक मान्यता के अनुसार देव शयनी एकादशी से भगवान विष्णु चार माह के लिए योगनिद्रा में चले जाते हैं। इस दिन गंगा स्नान और मां गंगा की आरती का विशेष महत्व माना जाता है। गोकना गंगा तट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पवित्र डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। यह आयोजन मां गंगा गोकर्ण समिति की ओर से किया गया। आयोजकों ने बताया कि प्रत्येक एकादशी पर इसी प्रकार सामूहिक गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रेम सिंह, शिव वचन, देवकरण सिंह, गजानन द्विवेदी सहित अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।