रायबरेली। शहरी क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शनिवार को जिला स्तरीय चयन समिति ने 28 आशा कार्यकर्ताओं का चयन किया। इसके लिए आयोजित साक्षात्कार में अभ्यर्थियों का मूल्यांकन कर चयन प्रक्रिया पूरी की गई। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नवीन चंद्रा ने बताया कि शहरी क्षेत्र में आशा कार्यकर्ताओं के कुल 105 स्वीकृत पद हैं। 25 जुलाई को 29 पदों के लिए साक्षात्कार आयोजित किया गया था, जिसमें 28 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। एक पद के लिए आवेदन प्राप्त न होने के कारण वह रिक्त रह गया।
उन्होंने बताया कि शेष रिक्त पद पर भी चरणबद्ध तरीके से भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाएगी। चयनित आशा कार्यकर्ताओं को आवश्यक प्रशिक्षण देने के बाद संबंधित क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा, जिससे शहरी आबादी को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार नियोजन तथा अन्य स्वास्थ्य सेवाओं का बेहतर लाभ मिल सके। मुख्य चिकित्साधिकारी ने कहा कि आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य विभाग और समुदाय के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इनके माध्यम से स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में मदद मिलेगी तथा शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच दोनों में सुधार होगा। जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी डी.एस. अस्थाना ने बताया कि आशा कार्यकर्ताओं के चयन के लिए साक्षात्कार मुख्य चिकित्साधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय चयन समिति द्वारा आयोजित किया गया। अभ्यर्थियों का चयन शैक्षिक योग्यता, कार्यानुभव और साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के आधार पर पारदर्शी प्रक्रिया के तहत किया गया। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र अभ्यर्थियों का चयन किया गया।
Jansaamna