Wednesday, July 29, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » एसपी रवि कुमार ने अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहनों को दिखाई हरी झंडी

एसपी रवि कुमार ने अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहनों को दिखाई हरी झंडी

रायबरेली। जिले में यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से रायबरेली पुलिस ने अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहन ऑपरेशन की शुरुआत कर दी है। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने पुलिस कार्यालय परिसर से इंटरसेप्टर वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हाईटेक इंटरसेप्टर वाहन स्पीड डिटेक्शन रडार, हाई-रिजॉल्यूशन कैमरा, एलईडी डिस्प्ले बोर्ड सहित अन्य आधुनिक उपकरणों से लैस हैं। इनमें स्थापित रडार प्रणाली चलते वाहनों की गति का सटीक मापन कर निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वाले वाहनों की तत्काल पहचान करेगी। उन्होंने बताया कि वाहनों में लगे हाई-रिजॉल्यूशन कैमरे लगभग 250 मीटर से एक किलोमीटर तक की दूरी से वाहनों की नंबर प्लेट कैप्चर करने में सक्षम हैं। इससे ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन पाए जाने पर ई-चालान प्रणाली के माध्यम से नियमानुसार चालान किया जाएगा। इंटरसेप्टर वाहनों में ब्रीथ एनालाइज़र (Breath Analyzer) भी लगाया गया है, जिसके माध्यम से शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों की जांच की जाएगी। इसके अलावा रॉन्ग साइड वाहन संचालन तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी तकनीकी माध्यम से निगरानी रखते हुए ई-चालान और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। रायबरेली पुलिस का उद्देश्य आधुनिक तकनीक के माध्यम से यातायात नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और आमजन की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाना है।