Wednesday, July 29, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » गवर्नमेंट अचीवमेंट्स एंड स्कीम्स एक्सपो-2026 में आरेडिका ने बिखेरी प्रतिभा

गवर्नमेंट अचीवमेंट्स एंड स्कीम्स एक्सपो-2026 में आरेडिका ने बिखेरी प्रतिभा

रायबरेली। नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में 25 से 27 जुलाई, 2026 तक एनएनएस मीडिया ग्रुप द्वारा आयोजित गवर्नमेंट अचीवमेंट्स एंड स्कीम्स एक्सपो-2026 में आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका), रायबरेली ने अपनी उत्कृष्ट विनिर्माण क्षमता, तकनीकी नवाचारों तथा भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण में निभाई जा रही महत्वपूर्ण भूमिका का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार आरेडिका ने प्रदर्शनी में अपना स्टॉल स्थापित कर रेलवे कोच निर्माण के क्षेत्र में ‘मेक इन इंडिया’ एवं ‘आत्मनिर्भर भारत’ के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया। प्रदर्शनी के दौरान विभिन्न केंद्रीय एवं राज्य सरकारी विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में बच्चों एवं अन्य आगंतुकों ने आरेडिका के स्टॉल का अवलोकन किया और संस्थान की उपलब्धियों की सराहना की। प्रदर्शनी के समापन अवसर पर एनएनएस मीडिया ग्रुप ने आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना, रायबरेली को उत्कृष्ट प्रदर्शन, नवाचार एवं राष्ट्र निर्माण में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया। यह सम्मान भारतीय रेलवे के लिए उच्च गुणवत्ता वाले रेल डिब्बों के निर्माण तथा उत्कृष्ट कार्य निष्पादन के प्रति आरेडिका की निरंतर प्रतिबद्धता का प्रतीक है। प्रदर्शनी में आरेडिका की ओर से अशोक कुमार अग्निहोत्री (वरिष्ठ यांत्रिक इंजीनियर/डिजाइन), अनिल श्रीवास्तव (जनसंपर्क अधिकारी), कौशल कुमार श्रीवास्तव (वरिष्ठ खंड इंजीनियर/डिजाइन), अंगद सिंह कुशवाहा (एसएसई/डिजाइन), प्रणितेश एस. रंजन (एसएसई/डिजाइन), जितेंद्र सिंह कुशवाहा (एसएसई/डिजाइन), रोहित मिश्रा (टेक्नीशियन), केशव चंद्र पटेल (टेक्नीशियन), लक्ष्मण सिंह (टेक्नीशियन) तथा उदय सिंह (ऑफिस असिस्टेंट) ने सक्रिय सहभागिता निभाई। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डी.के. सक्सेना ने बताया कि यह सम्मान आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना, रायबरेली के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास, समर्पण और उत्कृष्ट टीम भावना का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन भविष्य में भी संस्थान को गुणवत्ता, नवाचार और उत्पादन उत्कृष्टता के नए आयाम स्थापित करने के लिए प्रेरित करेंगे तथा भारतीय रेलवे को बेहतर कोच निर्माण में अग्रणी बनाए रखने के संकल्प को और सुदृढ़ करेंगे।