ऊंचाहार, रायबरेली। पवित्र सावन मास को लेकर ऊंचाहार नगर के पौराणिक महादेवन मंदिर में जलाभिषेक के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु नगर पंचायत ने विशेष तैयारियां पूरी कर ली हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष ममता जायसवाल के निर्देश पर मंगलवार को व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि कृष्ण चंद जायसवाल ने बताया कि पूरे सावन माह में शिवभक्तों के लिए मंदिर परिसर में गंगाजल की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए टैंकर और जल भंडारण की विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर और आसपास प्रतिदिन साफ-सफाई कराई जाएगी। साथ ही प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, बैठने की सुविधा तथा श्रद्धालुओं के लिए कतारबद्ध दर्शन की व्यवस्था को भी दुरुस्त किया गया है। मंगलवार को सफाई कर्मियों की टीम ने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया। कृष्ण चंद जायसवाल ने बताया कि सावन माह में महादेवन मंदिर पर बड़ी संख्या में शिवभक्त जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। स्थानीय मान्यता के अनुसार यहां स्वयंभू शिवलिंग विराजमान हैं, जिनकी क्षेत्र में विशेष आस्था है। दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं बच्चे दर्शन-पूजन के लिए आते हैं। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत की प्राथमिकता है कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और सभी लोग शांतिपूर्ण वातावरण में जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर सकें।
Jansaamna