Wednesday, July 29, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » सरल संस्कृत शिक्षण कक्षा का हुआ समापन, बच्चों ने किया शानदार प्रदर्शन

सरल संस्कृत शिक्षण कक्षा का हुआ समापन, बच्चों ने किया शानदार प्रदर्शन

ऊंचाहार, रायबरेली। उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान द्वारा संचालित “गृहे-गृहे संस्कृतम्” योजना के अंतर्गत क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय अरखा में आयोजित सरल संस्कृत भाषा शिक्षण कक्षा का समापन समारोह उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बच्चों ने संस्कृत भाषा में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों की खूब सराहना बटोरी। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रशिक्षु खुशी के मंगलाचरण से हुआ। विद्यालय की प्रधानाचार्या शोभा शुक्ला ने दीप प्रज्ज्वलित कर मां सरस्वती का माल्यार्पण किया। इसके बाद प्रशिक्षिका सीमा शुक्ला के निर्देशन में बच्चों ने संस्थान गीत एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया। प्रतिभा प्रदर्शन के दौरान लक्ष्मी ने संख्यागीत, रिया ने श्लोक गायन, इशिका ने संस्कृत गीत तथा दीपक ने संस्कृत में अपना परिचय प्रस्तुत कर सभी को प्रभावित किया। प्रशिक्षिका सीमा शुक्ला ने अतिथियों का स्वागत करते हुए योजना की जानकारी दी और अधिक से अधिक लोगों से संस्कृत संभाषण को बढ़ावा देने में सहयोग की अपील की। समापन समारोह में प्रधानाचार्या शोभा शुक्ला ने कहा कि इतने कम समय में बच्चों का प्रदर्शन अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि संस्कृत सभी भाषाओं की जननी है और इसके बिना हमारा जीवन अधूरा है। संस्कृत के ज्ञान के बिना अन्य भाषाओं की वास्तविक समझ संभव नहीं है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं सहायक अध्यापिका अंजू सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि यदि इस प्रकार का प्रशिक्षण प्रत्येक विद्यालय में एक से दो माह तक संचालित किया जाए तो संस्कृत के प्रचार-प्रसार का उद्देश्य प्रभावी ढंग से पूरा हो सकेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से संस्कृत को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ, मिष्ठान वितरण तथा “जयतु भारतम्, जयतु संस्कृतम्” के उद्घोष के साथ हुआ। इस अवसर पर सहायक अध्यापिका पुष्पांजलि सहित विद्यालय परिवार एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।