➤ तालाब ओवरब्रिज पर मानव श्रृंखला बनाकर प्रदर्शन, सुरक्षा इंतजामों की मांग
➤ व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने पुलिस-प्रशासन को सौंपा ज्ञापन, खतरनाक मोड़ों और भारी वाहनों पर उठाए सवाल
हाथरस। तालाब ओवरब्रिज पर ट्रैक्टर की टक्कर से मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही 18 वर्षीय छात्रा खुशी अग्रवाल की मौत के बाद शहर में आक्रोश फैल गया। मंगलवार सुबह व्यापारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और स्थानीय लोगों ने तालाब ओवरब्रिज पर मानव श्रृंखला बनाकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, भारी वाहनों पर नियंत्रण और ओवरब्रिज की खामियों को दूर करने की मांग करते हुए पुलिस-प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। जानकारी के अनुसार, आगरा रोड स्थित पुराना मिल कंपाउंड निवासी पशु चिकित्सक डॉ. संजीव अग्रवाल की पुत्री खुशी अग्रवाल अलीगढ़ रोड स्थित एक कोचिंग संस्थान में मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थी। सोमवार देर शाम कोचिंग से स्कूटी से घर लौटते समय तालाब ओवरब्रिज पर एक ट्रैक्टर ने कथित रूप से उसकी स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि खुशी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी। राहगीरों की मदद से उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे एक निजी अस्पताल ले गए। देर रात उपचार के दौरान छात्रा ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी है। छात्रा की मौत से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे शहर में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय नागरिक तालाब ओवरब्रिज पर एकत्र हुए और मानव श्रृंखला बनाकर विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि तालाब ओवरब्रिज की चौड़ाई कम होने, नीचे उतरने वाले तीखे मोड़ों और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण यहां आए दिन हादसे होते हैं। उनका आरोप था कि कई बार मांग उठाने के बावजूद सुरक्षा संबंधी प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। विरोध प्रदर्शन की सूचना पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। बाद में उपजिलाधिकारी सदर राजबहादुर भी कोतवाली पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा संबंधी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। प्रदर्शनकारियों ने तालाब ओवरब्रिज पर भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रभावी रोक, खतरनाक मोड़ों पर सुरक्षा बैरियर एवं चेतावनी संकेत लगाने, यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी समाधान की मांग की। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषी चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Jansaamna