फिरोजाबाद। शिकोहाबाद थाना क्षेत्र की यादव कॉलोनी में 30 मई को हुए डेढ़ वर्षीय मासूम आरव हत्याकांड में त्वरित विवेचना और प्रभावी पैरवी कर अभियुक्त को मृत्युदंड दिलाने वाली पुलिस टीम को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने मंगलवार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस चर्चित मामले में थाना शिकोहाबाद पुलिस ने अभियुक्त विराज उर्फ जितेन्द्र को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा था। विवेचक प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार राणा ने मात्र छह दिनों में साक्ष्य संकलित कर 4 जून 2026 को आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित किया। 6 जून को आरोप पत्र दाखिल हुआ और 9 जून को न्यायालय ने मामले का संज्ञान लिया। मॉनिटरिंग सेल की प्रभावी पैरवी के चलते केवल सात दिनों में 13 गवाहों के बयान दर्ज कराए गए। इसके बाद 9 जुलाई को महज 39 दिनों के भीतर न्यायालय ने अभियुक्त विराज उर्फ जितेन्द्र को दोषी करार दिया। 10 जुलाई को न्यायालय ने अभियुक्त को मृत्युदंड की सजा सुनाई। मामले की त्वरित जांच, सशक्त साक्ष्य संकलन और प्रभावी न्यायालयीन पैरवी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार राणा, उपनिरीक्षक राजीव गौतम, मुख्य आरक्षी दिलीप कुमार तथा कोर्ट पैरोकार आरक्षी संदीप कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
Home » मुख्य समाचार » आरव हत्याकांड में उत्कृष्ट विवेचना और प्रभावी पैरवी करने वाले पुलिसकर्मी हुए सम्मानित
Jansaamna