Thursday, July 30, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » मुड़िया मेला-2026: आरपीएफ की तत्परता से श्रद्धालु को मिली त्वरित सहायता

मुड़िया मेला-2026: आरपीएफ की तत्परता से श्रद्धालु को मिली त्वरित सहायता

मथुरा। गुरु पूर्णिमा एवं मुड़िया मेला-2026 के दौरान श्रद्धालु यात्रियों की सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा सुरक्षा एवं यात्री सहायता के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। भारी भीड़ के बीच आरपीएफ अधिकारी एवं जवान पूरी सतर्कता, संवेदनशीलता और सेवा भाव के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को ऑपरेशन सेवा के तहत मथुरा जंक्शन के प्रथम प्रवेश द्वार पर एक श्रद्धालु यात्री सुरेंद्र कुमार शर्मा अपनी पत्नी का दिल्ली में डायलिसिस कराने के बाद मथुरा पहुंचे। उनकी पत्नी को चलने-फिरने में अत्यधिक कठिनाई हो रही थी। स्थिति को देखते हुए सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) मुकेश कुमार एवं महिला कांस्टेबल अनुसूया ने तत्काल व्हीलचेयर की व्यवस्था कर महिला यात्री को सुरक्षित रूप से प्लेटफॉर्म से स्टेशन के बाहर तक पहुंचाया। इस दौरान डिप्टी कमर्शियल स्टाफ ने भी आवश्यक सहयोग प्रदान किया।

आरपीएफ एवं वाणिज्य विभाग के इस मानवीय एवं संवेदनशील सहयोग से प्रभावित होकर यात्री सुरेंद्र कुमार शर्मा ने रेलवे सुरक्षा बल एवं संबंधित स्टाफ का आभार व्यक्त करते हुए उनकी भूरि-भूरि प्रशंसा की। मौके पर मौजूद अन्य यात्रियों ने भी आरपीएफ की तत्परता, सेवा भावना एवं मानवीय कार्यशैली की सराहना की। मुड़िया मेला-2026 के दौरान रेलवे सुरक्षा बल द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ “ऑपरेशन सेवा” के माध्यम से जरूरतमंद, दिव्यांग, बुजुर्ग एवं असहाय यात्रियों को निरंतर सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे श्रद्धालुओं की यात्रा अधिक सुरक्षित, सहज एवं सुविधाजनक बन रही है।