Thursday, July 30, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » विश्व हेपेटाइटिस दिवस पर एम्स रायबरेली में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

विश्व हेपेटाइटिस दिवस पर एम्स रायबरेली में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

रायबरेली। विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर मंगलवार को एम्स रायबरेली के आंतरिक चिकित्सा विभाग की ओर से मेडिसिन ओपीडी परिसर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मरीजों, उनके परिजनों एवं अस्पताल स्टाफ को हेपेटाइटिस, उसके समय पर निदान, उपचार एवं रोकथाम के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत संबोधन एवं अतिथियों के सम्मान के साथ हुआ। आंतरिक चिकित्सा विभाग ने कार्यकारी निदेशक डॉ. अमिता जैन के मार्गदर्शन में हेपेटाइटिस की रोकथाम के लिए जनजागरूकता बढ़ाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डीन अकादमिक एवं विभागाध्यक्ष, पैथोलॉजी विभाग डॉ. नीरज कुमारी, एएमएस एवं अपर प्रोफेसर, जनरल सर्जरी विभाग डॉ. नीरज श्रीवास्तव तथा आयोजन अध्यक्ष एवं विभागाध्यक्ष, आंतरिक चिकित्सा विभाग प्रो. डॉ. मधुकर मित्तल उपस्थित रहे।

जागरूकता सत्र के दौरान मेडिसिन एवं माइक्रोबायोलॉजी विभाग के संकाय सदस्यों ने हेपेटाइटिस से जुड़े विभिन्न विषयों पर व्याख्यान दिए। डॉ. नीरज कुमारी एवं डॉ. नीरज श्रीवास्तव ने समय पर स्क्रीनिंग, जनजागरूकता और निवारक उपायों के पालन की आवश्यकता पर बल दिया। डॉ. श्वेता सिंह ने हेपेटाइटिस के निदान संबंधी जांचों एवं प्रयोगशाला प्रक्रियाओं की जानकारी दी। वहीं, प्रो. डॉ. मधुकर मित्तल ने शीघ्र पहचान, नियमित स्क्रीनिंग, उचित उपचार एवं संक्रमण की रोकथाम के महत्व पर प्रकाश डाला। डॉ. प्रमोद कुमार ने हेपेटाइटिस के विभिन्न प्रकार, संक्रमण के माध्यमों एवं इसके नैदानिक लक्षणों की विस्तृत जानकारी दी। डॉ. सागर सुभाष ननावरे ने उपचार के सिद्धांतों एवं संक्रमण के प्रसार को रोकने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम का समापन आयोजन सचिव डॉ. मनु शर्मा के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने विश्व हेपेटाइटिस दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी अतिथियों, संकाय सदस्यों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन आंतरिक चिकित्सा विभाग के जूनियर रेजिडेंट डॉ. हर्ष परिहार एवं डॉ. दिव्या अग्रवाल ने किया।