Thursday, July 30, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » हमारी प्राथमिकता, सबको मिले गुणवत्तापरक उपचार : ब्रजेश पाठक

हमारी प्राथमिकता, सबको मिले गुणवत्तापरक उपचार : ब्रजेश पाठक

➤ वाराणसी में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

➤ केंद्र व प्रदेश सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर दिया जोर

पवन कुमार गुप्ता: लखनऊ/वाराणसी। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि आमजन को उच्च स्तरीय एवं गुणवत्तापरक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। केंद्र और प्रदेश सरकार की सभी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध ढंग से पहुंचाया जाए। इसके लिए अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करना होगा। बुधवार को वाराणसी स्थित सर्किट हाउस में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम ने विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ सभी पात्र लाभार्थियों तक सुनिश्चित किया जाए। बैठक में उपमुख्यमंत्री ने आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र लाभार्थियों की स्थिति की जानकारी ली तथा अधिकारियों को योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। इसके साथ ही राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम, बच्चों के नियमित टीकाकरण तथा सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) वैक्सीन से संबंधित तैयारियों की भी समीक्षा की। ब्रजेश पाठक ने कहा कि आभा आईडी की प्रगति पर अधिकारी लगातार अपडेट रहें और ई-कवच पोर्टल एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से जुड़े कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके। बैठक में मेयर अशोक तिवारी, अपर निदेशक (स्वास्थ्य) डॉ. एन.डी. शर्मा, डॉ. आर.वी. कमल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. मुकेश कुमार, विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों के सीएमएस तथा अन्य चिकित्साधिकारी उपस्थित रहे।