रायबरेली। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका), रायबरेली के राजभाषा विभाग द्वारा ‘वित्त प्रबंधन’ विषय पर तकनीकी कार्यशाला एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। संगोष्ठी आरेडिका तथा नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, रायबरेली के सदस्य कार्यालयों के लिए आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित आरेडिका के उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर एवं उप मुख्य राजभाषा अधिकारी अभिनव यादव ने प्रतिभागियों को व्यक्तिगत वित्तीय प्रबंधन के विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने निवेश के विभिन्न विकल्पों, उनसे जुड़े जोखिमों तथा संभावित लाभ-हानि का सरल एवं व्यावहारिक विश्लेषण प्रस्तुत किया। उन्होंने वर्तमान समय में बढ़ रही ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी के विभिन्न तरीकों, जैसे फर्जी निवेश योजनाओं, साइबर ठगी, फिशिंग लिंक तथा ओटीपी एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा करने से होने वाले जोखिमों के बारे में भी जागरूक किया। उन्होंने प्रतिभागियों को केवल विश्वसनीय एवं अधिकृत माध्यमों से ही निवेश करने की सलाह दी। कार्यशाला के दौरान वित्तीय सुरक्षा एवं आर्थिक स्थिरता के लिए आय के स्रोतों में विविधता लाने के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया तथा इसके विभिन्न वैध एवं व्यवहारिक विकल्पों की जानकारी दी गई। कार्यशाला के अंत में आयोजित संवादात्मक सत्र में प्रतिभागियों ने निवेश, म्यूचुअल फंड, शेयर बाजार, कर नियोजन, सेवानिवृत्ति योजना तथा अन्य वित्तीय विषयों से संबंधित अनेक जिज्ञासाएं व्यक्त कीं। मुख्य वक्ता अभिनव यादव ने सभी प्रश्नों एवं शंकाओं का सरल, व्यावहारिक तथा उदाहरणों सहित समाधान किया।
Jansaamna