Thursday, July 30, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » राहुल गांधी के बयान के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं का धरना

राहुल गांधी के बयान के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं का धरना

रायबरेली। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान के विरोध में गुरुवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर चौक (हाथी पार्क) परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात विभाग के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। धरने को संबोधित करते हुए मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि राहुल गांधी दूसरों के सहारे राजनीति करने के आदी हैं। उन्होंने कहा कि दूसरी पार्टियों के समर्थन से सांसद बनने और दूसरे के आंदोलन के कारण शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग सफल होने के बाद राहुल गांधी अब अति उत्साह में देश के गृहमंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को यह समझना चाहिए कि “कोई सियार शेर की खाल पहनकर शेर नहीं बन सकता।”

उन्होंने कहा कि एक ओर राहुल गांधी की बहन संसद में गृहमंत्री को “चाणक्य” कहकर उनसे दया की अपेक्षा करती हैं, वहीं दूसरी ओर राहुल गांधी उनके इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। मंत्री ने कहा कि किराये के वोटों से चुनाव जीतने वाले नेता को यह समझना चाहिए कि भारत और भारतीय संस्कृति को हर सांस में जीने वाले देश के गृहमंत्री अनावश्यक टकराव नहीं चाहते, अन्यथा राजनीतिक परिस्थितियां भिन्न हो सकती थीं। दिनेश प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने अपने आचरण और बयानों से भारत के संविधान, नेता प्रतिपक्ष के पद की गरिमा तथा रायबरेली की जनता की भावनाओं को आहत किया है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर गैर-जिम्मेदाराना रवैया अब स्वीकार्य नहीं है। जंतर-मंतर पर जिस प्रकार की राजनीतिक संस्कृति देश ने देखी, उसे अब देशवासी बर्दाश्त नहीं करेंगे। धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने राहुल गांधी के बयान के विरोध में अपना रोष व्यक्त किया।